
PM Modi Jhalmuri Break (AI Image)
PM Modi Jhalmuri Break: पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। लगातार चार रैलियों के बीच उन्होंने झारग्राम में रुककर मशहूर स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद लिया। यह पल न सिर्फ वहां मौजूद लोगों के लिए खास रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया।
रविवार को पीएम मोदी ने पुरुलिया, झारग्राम, मेदिनीपुर और बिष्णुपुर में लगातार चार रैलियों को संबोधित किया। इसी व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने झारग्राम के एक छोटे से दुकान पर रुककर झालमुड़ी खाने का फैसला किया। उन्होंने खुद दुकानदार से कहा कि वह उन्हें झालमुड़ी बनाकर दे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
झालमुड़ी खाने के बाद जब पीएम मोदी ने पैसे देने की कोशिश की, तो दुकानदार ने पहले लेने से मना कर दिया। लेकिन पीएम मोदी ने आग्रह करते हुए आखिरकार उसे पैसे लेने के लिए मना लिया। यह छोटा सा वाकया लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया और इसे आम लोगों से जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।
पीएम मोदी ने इस पल का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा कीं। उन्होंने लिखा कि व्यस्त कार्यक्रम के बीच झारग्राम में स्वादिष्ट झालमुड़ी का आनंद लिया। वीडियो में वह हल्के-फुल्के अंदाज में दुकानदार से बात करते और स्नैक लेते नजर आ रहे हैं।
झालमुड़ी पश्चिम बंगाल का एक लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जो मुरमुरे, प्याज, मिर्च और सरसों के तेल से बनाया जाता है। इसका चटपटा स्वाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वालों को भी खूब पसंद आता है।
इससे पहले पीएम मोदी ने अपनी रैलियों में तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर पार्टी की आलोचना की और कहा कि बंगाल की महिलाओं के साथ अन्याय हुआ है। पीएम ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा है और यह रिकॉर्ड खुद इसकी गवाही देता है।
बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है जबकि 4 मई को नतीजे आएंगे। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच पीएम मोदी का यह हल्का-फुल्का अंदाज चर्चा में आ गया है।
Updated on:
19 Apr 2026 10:02 pm
Published on:
19 Apr 2026 10:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
