
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए शेयर किया ट्वीट (फाइल फोटो)
CJP Protest: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के चलते हालात गंभीर बने हुए है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच लगातार तनावपूर्ण स्थिती बनी हुई है और शहर के कई इलाकों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस प्रदर्शन और नीट पेपर लीक से जुड़ी बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि देश के युवाओं से बढ़कर कुछ नहीं है और पेपर लीक मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीएम के इस पोस्ट में सीजेपी के प्रदर्शन का कहीं जिक्र नहीं किया गया लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि प्रदर्शन के चलते राजधानी में बिगड़े हालातों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पीएम ने यह पोस्ट शेयर किया है।
पीएम मोदी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। पीएम ने आगे बताया कि विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगे लिखा, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में साफ किया है कि जो लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पीएम ने इससे पहले भी मंगलवार को एनडीए की बैठक के दौरान पेपर लीक को घोर पाप बताते हुए इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की बात कही थी। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा शुरू होने पर मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही थी। हालांकि इस दौरान विपक्ष ने लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब राजधानी में CJP और विपक्षी दल पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष और सीजेपी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे है। इसी बीच गुरुवार सुबह सीजेपी ने एक पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी के इस्तीफे की भी मांग की थी। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 150 से ज्यादा पेपर लीक हुए, लेकिन किसी भी मामले में अब तक सजा नहीं हुई। वहीं विपक्ष प्रधानमंत्री से संसद में इस मुद्दे पर बयान देने की भी मांग कर रहा है। सरकार ने संसद में इस विषय पर चर्चा के लिए सहमति जताई है, लेकिन उसका कहना है कि विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की शर्त रखकर चर्चा को आगे नहीं बढ़ने दे रहा है।
Updated on:
23 Jul 2026 10:09 am
Published on:
23 Jul 2026 09:24 am
