
PM Narendra Modi And Ashutosh Ranka।
CJP Jantar Mantar Protest : नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर युवाओं को कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया। हालांकि, पीएम के इस आश्वासन को सीजेपी ने नाकाफी करार देते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। पीएम मोदी के इस बयान पर सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रंका ने कहा कि डेढ़ महीने के भारी विरोध के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री ने देश के माहौल पर ध्यान दिया है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक होने के बाद दी जाने वाली सजा से समस्या हल नहीं होगी। असली सवाल यह है कि पेपर लीक हो ही क्यों रहे हैं? चोट लगने पर मरहम लगाने से ज्यादा जरूरी चोट को रोकना है। जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को आश्वस्त करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पीएम ने बताया कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को त्वरित और कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीएम ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं लाठीचार्ज के बारे में पहले ही बोल चुका हूं। यह बहुत बेरहम था। हम इसे करने वाले पुलिस अधिकारियों को कोर्ट में ले जाएंगे। आज हमारे प्रोटेस्ट का 34वां दिन है। सोनम सर की भूख हड़ताल जारी है। आज उनकी भूख हड़ताल का 26वां दिन है, इसलिए जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। हमारा प्रोटेस्ट जारी रहेगा। दीपके ने कहा कि भाजपा के लोग ही पथराव कर रहे हैं। पुलिस यहां पत्थरों से भरे ट्रक लेकर आती है, फिर भाजपा के गुंडे पत्थर फेंकते हैं और बाद में CJP के लोगों को बदनाम किया जाता है।
Updated on:
23 Jul 2026 11:27 am
Published on:
23 Jul 2026 11:18 am
