
narendra modi
Amit Shah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने बुधवार को अंबेडकर मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) का बचाव किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस और उसका सड़ा हुआ इकोसिस्टम सोचता है कि उनके दुर्भावनापूर्ण झूठ कई वर्षों के उनके कुकर्मों को छिपा सकते हैं। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि खासकर डॉ आंबेडकर का जो कांग्रेस ने अपमान किया था उसे छिपा लेंगे, अगर वो ये सोचते हैं तो वो उनकी गलतफहमी है। भारत के लोगों ने बार-बार देखा है कि कैसे एक परिवार के नेतृत्व वाली एक पार्टी ने डॉ अंबेडकर की विरासत को मिटाने और एससी-एसटी समुदायों को अपमानित करने के लिए हर संभव गंदी चाल चली है।
पीएम मोदी ने लिखा कि डॉ अंबेडकर का अपमान करने की कांग्रेस की सूची काफी लंबी है। चुनावों में अंबेडकर को एक बार नहीं दो-दो बार हराया। पंडित नेहरू ने उनके खिलाफ अभियान चलाया और उनकी हार को प्रतिष्ठा का सवाल बना दिया था। उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। पीएम मोदी ने कहा कि कई सालों तक वे सत्ता में रहें, लेकिन दलितों और आदिवासियों के लिए कुछ खास नहीं किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि आजकल अंबेडकर का नाम लेना एक फैशन बन गया है। उन्होंने कहा कि अब ये एक फैशन हो गया है। अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर…इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता। अमित शाह के इस बयान पर कांग्रेस ने ऐतराज जताया था।
अमित शाह द्वारा बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के संदर्भ में की गई टिप्पणी को लेकर बुधवार को कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और शाह से माफी की मांग की। संसद के मकर द्वार के निकट कांग्रेस, द्रमुक और कुछ अन्य दलों के सांसदों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर विरोध जताया और नारेबाजी की। विपक्षी सांसदों ने जय भीम और बाबासाहेब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे लगाए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमित शाह के भाषण पर कहा कि यह संविधान के खिलाफ हैं। वे पहले ही कह रहे थे कि संविधान को बदलेंगे। उनका पूरा का पूरा काम भीमराव अंबेडकर ने जो किया और जो संविधान है उसे खत्म करने का है। पूरा देश जानता है।
Updated on:
18 Dec 2024 02:51 pm
Published on:
18 Dec 2024 02:50 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
