
प्रियंका गांधी के नाम पर बड़ा साइबर स्कैम (फोटो सोर्स- IANS)
Priyanka Gandhi: इंटरनेट पर ठगी करने वाले अब बड़े नेताओं के नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगाने की कोशिश कर रहे हैं। नया मामला केरल की वायनाड सीट से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से जुड़ा सामने आया है। प्रियंका गांधी के नाम और उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई फर्जी आवाज के जरिए लोगों को ठगने की बड़ी साजिश रची जा रही है। मामला सामने आने के बाद प्रियंका गांधी के कार्यालय ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सोशल मीडिया पर एक 'स्कैम अलर्ट' जारी किया है और लोगों को इस तरह के किसी भी झांसे में न आने की सलाह दी है।
प्रियंका गांधी के दफ्तर ने बताया कि वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रियंका गांधी की AI जनरेटेड फोटो और फर्जी वीडियो तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। इन डीपफेक वीडियोज में प्रियंका गांधी की आवाज का गलत इस्तेमाल कर लोगों को एक खास स्कीम में पैसे लगाने का लालच दिया जा रहा है। कार्यालय ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि ये सभी वीडियो पूरी तरह से फर्जी और साइबर स्कैम का हिस्सा हैं। प्रियंका गांधी या उनके दफ्तर का ऐसे किसी भी इन्वेस्टमेंट प्लान से कोई लेना-देना नहीं है।
साइबर ठगी की इस कोशिश के बाद सांसद दफ्तर ने लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह दी है। दफ्तर ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर दिख रहे ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर गलती से भी क्लिक न करें और न ही किसी फर्जी दावों या लुभावनी स्कीमों में अपना पैसा निवेश करें। इसके अलावा लोगों से यह भी कहा गया है कि अगर किसी को ऐसा कोई पोस्ट या वीडियो दिखता है, तो वे तुरंत उसे प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें और उस अकाउंट को ब्लॉक कर दें।
यह पहला मौका नहीं है जब किसी बड़े नेता के नाम पर इस तरह की ठगी की कोशिश हुई हो। इससे पहले अगस्त के महीने में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी एक AI जनरेटेड फर्जी वीडियो वायरल हुआ था। उस फर्जी वीडियो में दावा किया जा रहा था कि सिर्फ 22,000 रुपये का शुरुआती निवेश करने पर हर हफ्ते 5.5 लाख रुपये की कमाई होगी। जब PIB (प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो) की फैक्ट चेक टीम ने इसकी पड़ताल की, तो पता चला कि वह वीडियो पूरी तरह फर्जी था और AI की मदद से तैयार किया गया था।
साइबर एक्सपर्ट्स का मानना है कि ठग अब लोगों का भरोसा जीतने के लिए AI टेक्नोलॉजी का सहारा ले रहे हैं। नामचीन हस्तियों, नेताओं और अभिनेताओं के चेहरे और आवाज का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता है।
साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि अगर कोई वीडियो बहुत कम समय में भारी मुनाफे का दावा करे, तो तुरंत सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि यह स्कैम हो सकता है। इसके अलावा सरकार या किसी नेता से जुड़ी किसी भी योजना पर भरोसा करने से पहले हमेशा उनकी आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया हैंडल पर जाकर ही पुष्टि करनी चाहिए। साथ ही, सोशल मीडिया पर आए किसी भी अनजाने लिंक पर अपनी पर्सनल या बैंकिंग जानकारी शेयर करने से बचना बेहद जरूरी है।
Updated on:
10 Sept 2026 12:52 pm
Published on:
10 Sept 2026 12:21 pm
