
प्रतीकात्मक तस्वीर
Pune Toxic Liquor Case: पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से हुई कई मौतों के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। मामले के मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि उसने रसायन और इंडस्ट्रियल स्पिरिट मिली जहरीली शराब की सप्लाई की थी, जिसे पीने के बाद कई लोगों की जान चली गई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
आपको बता दें, इस मामले में 13 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी योगेश वानखेड़े ने पुणे के हडपसर और पिंपरी चिंचवड़ के फुगेवाड़ी इलाके में कथित तौर पर जहरीली शराब की सप्लाई की थी। शुरुआती जांच के अनुसार, शराब में रासायनिक पदार्थ और इंडस्ट्रियल स्पिरिट मिलाई गई थी। यह मानव शरीर के लिए बहुत खतरनाक मानी जाती है। एक के बाद एक मौतों की खबर सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की संयुक्त टीमें जांच में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि जहरीली शराब कहां तैयार की गई और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया गया। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े बाकी लोगों की पहचान भी की जा रही है।
जानाकरी के अनुसार, योगेश वानखेड़े खुद अधिकारियों के सामने गया जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। अभी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और केस से जुड़ी और जानकारियां निकलवाने की कोशिश कर रही है। वहीं मृतकों के परिवार जनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
फुगेवाड़ी के आजाद चौक पर जब एक साथ 8 लोगों के निधन की सूचना शोक संदेश बोर्ड पर लगी, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अधिकारियों के अनुसार 8 में से 5 लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई, जबकि 3 अन्य लोगों की मौत दिल का दौरा पड़ने और दूसरे प्राकृतिक कारणों से हुई बताई जा रही है। हालांकि, मौतों की असली वजह का अंतिम खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
नोट- यह खबर अपडेट हो रही है।
Updated on:
29 May 2026 10:38 am
Published on:
29 May 2026 10:04 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
