
पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में आज महागठबंधन की रैली, नीतीश-तेजस्वी करेंगे चुनावी शंखनाद
बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में जारी अंदरूनी कलह के बीच शनिवार को सियासी गर्मी और बढ़ने वाली है। पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की रैली होगी। राजद कार्यकर्ता रैली में अधिक से अधिक भागीदारी को लेकर हल्दी और सुपारी देकर जनता को आमंत्रित कर रहे हैं। मिथिलांचल में किसी भी शुभ कार्य का निमंत्रण देने की पौराणिक परम्परा धान, दुहबी, हल्दी और सुपाड़ी देने की है। इस सत्तारूढ़ महागठबंधन की रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तो हिस्सा लेंगे ही इसमें महगठबंधन के सहयोगी घटक दल कांग्रेस और वाम दल के नेता भी शामिल होंगे। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन का दावा किया है कि, पूर्णियां के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की रैली ऐतिहासिक होगी। और अबतक पूर्णियां में हुए सारे रैलियों का रिकॉर्ड ध्वस्त हो जाएगा। रैली को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बनाने की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। सूदूर गांवों से बड़ी संख्या में लोग रैली में आने की तैयारी कर चुके हैं। पूर्णिया के इसी रंगभूमि मैदान में सितंबर 2022 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली हुई थी।
पूर्णिया यूनिवर्सिटी की परीक्षा स्थगित
बिहार में महागठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चुनावी शंखनाद करने जा रहा है। मुस्लिम बहुल सीमांचल के पूर्णिया मंच से यह शंख बजेगा। महागठबंधन की रैली को देखते हुए पूर्णिया यूनिवर्सिटी ने 25 फरवरी को होने वाली ग्रेजुएशन पार्ट-2 की परीक्षा स्थगित कर दी है। अब यह परीक्षा 15 मार्च को होगी।
महागठबंधन रैली में आएगी इन इलाकों से जनता
महागठबंधन रैली में उम्मीद की जा रही है कि, पूर्णिंया, किशनगंज, अररिया, कटिहार के अलावा सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और भागलपुर जिले के नेता और कार्यकर्ता समेत गरीब, वंचित समाज को जोड़ने वाले सभी वर्ग के लोग शामिल होंगे।
रैली में 'भाजपा मुक्त भारत' का होगा उदघोष
राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बताया कि, इस रैली के माध्यम से देश को 'भाजपा मुक्त भारत' बनाने का उदघोष किया जाएगा। नफरत और घृणा की राजनीति से देश को मुक्ति दिलाने के साथ हीं भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली शक्तियों से देश को बचाने का संकल्प लिया जाएगा।
बिहार में रहेंगे आज अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह भी शनिवार को बिहार में रहेंगे। सबसे पहले पश्चिमी चंपारण में 11.30 बजे जैन साहू उच्च विद्यालय में विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे। फिर पटना में चार बजे स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित किसान मजदूर समागम को संबोधित करेंगे। तख्त श्री हरमंदिर पटना साहिब शाम 6 बजे जाएंगे और अरदास करेंगे।
Updated on:
25 Feb 2023 11:33 am
Published on:
25 Feb 2023 11:31 am

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
