
चिराग के समर्थकों ने जमकर काटा बवाल। (फोटो- IANS)
लोजपा के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को 'बेचारा' कहना राजद के एक नेता को भारी पड़ गया है। इस बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) समर्थकों का पटना की सड़कों पर भारी गुस्सा देखने को मिला।
लोजपा (रामविलास) के नेता और कार्यकर्ताओं ने रविवार को पटना के कारगिल चौक पर जमकर प्रदर्शन किया और राजद नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का पुतला भी जलाया।
लोजपा (आर) के नेताओं का आरोप है कि बिहार विधानसभा में राजद के एक विधायक ने स्वर्गीय रामविलास पासवान का अपमान किया है। इसी के विरोध में आज वह प्रदर्शन कर रहे थे।
इस मौके पर मौजूद सांसद और प्रदेश संगठन प्रभारी अरुण भारती ने कहा कि बिहार विधानसभा में राजद के विधायक ने हमारे नेता स्वर्गीय रामविलास पासवान को लेकर जो बयान दिया है, वह कहीं से सही नहीं है। राजद के लोग लगातार दलितों और गरीबों का अपमान करते हैं।
अरुण भारती ने आगे कहा कि इसको लेकर जब तक सदन के अंदर तेजस्वी यादव माफी नहीं मांगेंगे, तब तक हम लोगों का विरोध जारी रहेगा। इसके अलावा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने भी इस मामले में अपना बयान दिया।
राजू तिवारी ने कहा कि ऐसे ही राजद के नेताओं के बयान के कारण पार्टी आज हाशिये पर आ गई है। हमारी पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता अपने नेता का अपमान नहीं सह सकता है। रामविलास पासवान ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया और उन्हें इस तरह के अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना उचित नहीं है।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने रामविलास पासवान के लिए 'बेचारा' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर पार्टी के नेता आपत्ति जता रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पार्टी के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी शनिवार को इस बयान को लेकर राजद को निशाने पर लिया था और कहा था कि ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
Updated on:
15 Feb 2026 07:37 pm
Published on:
15 Feb 2026 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
