
ओडिशा के ढेंकानाल में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत (फोटो- आईएएनएस)
Odisha Car Accident: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक शादी की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। यहां शादी से लौट रही एक बारातीयों से भरी गाड़ी तालाब में डूब गई जिसके चलते पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग अभी भी घायल है। जानकारी के अनुसार दोनों घायलों की जान स्थानीय लोगों की मदद के चलते बच पाई। लोगों ने समय रहते दोनों घायलों को डूबती हुई गाड़ी से निकाल लिया जिसके चलते उनकी जान बच गई। हालांकि इस दौरान कार सवार पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई एसयूवी कार देर रात सड़क से फिसलकर तालाब में जा गिरी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के असली कारणों का पता चल पाएगा।
यह हादसा बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के इंदीपुर-छतिया गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी सात लोग शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और सड़क पर मौजूद एक तेज मोड़ के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद एसयूवी सड़क से उतरकर पास के तालाब में जा गिरी। कार कुछ ही मिनटों में पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के युवक मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी कोशिश के बाद दो लोगों को जिंदा बाहर निकाल लिया गया। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं कार के अंदर फंसे पांच लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पानी में डूबी कार के अंदर दम घुटने के कारण उनकी जान गई।
मृतकों की पहचान बंगुरीसिंह गांव के चंद्रकांत स्वैन, अभिजीत साहू, श्रीराम साहू, राकेश साहू और ढेंकानाल के अविनाश साहू के रूप में हुई है। सभी शवों और घायलों को ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शवों का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने तालाब से दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी को बाहर निकाल लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा केवल तेज रफ्तार की वजह से हुआ या फिर कम रोशनी, सड़क की स्थिति या कोई अन्य कारण भी जिम्मेदार था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
23 Jul 2026 10:55 am
Published on:
23 Jul 2026 10:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
