16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमरावती में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी यात्रियों से भरी वैन, पांच की मौके पर मौत और 7 घायल

अमरावती के रानीगांव घाट रोड पर पिकअप वैन खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और सात गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन ने रेस्क्यू पूरा कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

Feb 23, 2026

NH-43 पर दर्दनाक हादसा (photo source- Patrika)

NH-43 पर दर्दनाक हादसा (photo source- Patrika)

महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां सोमवार को एक पिकअप वैन हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य अभी भी गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा रानीगांव घाट मार्ग पर वैन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के चलते हुआ था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

संकरी पहाड़ी सड़क से गुजरते हुए नियंत्रण खोया

यह हादसा धारणी तालुका के अंतर्गत रानीगांव घाट सेक्शन में शिवाझिरी से करीब दो किलोमीटर आगे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वैन संकरी पहाड़ी सड़क से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ने के बाद वैन सड़क से फिसलकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के समय वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी सटीक जानकारी जुटाई जा रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आई मुश्किलें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। संकरी घाट सड़क और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। कई घंटों की मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। सभी सात घायलों को तुरंत धारणी उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना है।

मृतकों की पहचान प्रक्रिया जारी

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई या फिर इसके पीछे तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी वजह है। पुलिस वाहन में सवार यात्रियों की कुल संख्या का सत्यापन कर रही है। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर घाट क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को लेकर।