14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागपुर में 18 जुलाई को उद्धव ठाकरे का शक्ति प्रदर्शन; संजय राउत बोले- हिंदुओं को जगाने के लिए हो रहा राम रक्षा आंदोलन

Ram Raksha Andolan: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि 18 जुलाई को नागपुर में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में 'राम रक्षा आंदोलन' के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
2 min read
Google source verification
Ram Mandir Donation Controversy

संजय राउत (Photo-IANS)

Ram Raksha Andolan: शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे 18 जुलाई 2026 को शाम 4:30 बजे नागपुर में शक्ति प्रदर्शन करने वाले हैं। पार्टी सांसद संजय राउत ने मंगलवार को बताया कि संघ के गढ़ नागपुर में समाज और हिंदुओं को जागरूक करने के लिए राम रक्षा आंदोलन होने जा रहा है।

संजय राउत ने कहा कि मुंबई से शुरू हुआ राम रक्षा आंदोलन अब नागपुर पहुंच रहा है। हर कोई जानता है कि अयोध्या राम मंदिर और कई अन्य बड़े मंदिरों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां और लूटपाट हुई है। यहां तक कि भगवान के दानपात्रों को भी कथित तौर पर लूटा जा रहा है, जो कि एक बहुत ही गंभीर विषय है।

राउत ने आगे दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने भी हाल ही में बेलगावी में हुई एक बैठक में राम मंदिर में हुई इन कथित चोरियों और गड़बड़ियों पर चिंता जताई थी।

क्यों शुरू हुई यह रैली

राउत ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि राम रक्षा आंदोलन समाज और हिंदू भाई-बहनों को जागरूक करने के लिए शुरू किया गया है। पहले मुंबई में शुरू हुआ यह आंदोलन अब पूरे महाराष्ट्र में फैल रहा है। नागपुर रैली को इस आंदोलन का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है।

उद्धव ठाकरे की यह रैली सिर्फ एक सभा नहीं बल्कि सियासी संदेश भी है। RSS का गढ़ माने जाने वाले नागपुर में शिवसेना (यूबीटी) का शक्ति प्रदर्शन कई सवाल खड़े कर रहा है। पार्टी कार्यकर्ता इसे हिंदुत्व की असली लड़ाई बता रहे हैं।

क्या है पूरा प्लान?

शिवसेना (यूबीटी) सूत्रों के मुताबिक, 18 जुलाई की रैली में उद्धव ठाकरे राम मंदिर मुद्दे के अलावा महाराष्ट्र की सियासी हालत पर भी जमकर हमला बोल सकते हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि हिंदू वोटरों को यह एहसास दिलाया जाए कि मंदिरों की सुरक्षा और सम्मान की असली लड़ाई कौन लड़ रहा है।

राउत ने कहा- मंदिर हिंदुओं की आस्था का केंद्र हैं। अगर वहां लूट हो रही है तो पूरे समाज को आवाज उठानी चाहिए। हम इसी आवाज को मजबूत करने जा रहे हैं।

भाजपा और आरएसएस पर जवाबी हमला

नागपुर में उद्धव की रैली को भाजपा और आरएसएस पर सीधा जवाबी हमला माना जा रहा है। खासकर राम मंदिर ट्रस्ट पर उठ रहे सवालों के बीच यह रैली और ज्यादा अहम हो गई है। उद्धव की पार्टी इसे हिंदुत्व की राजनीति में अपनी जगह मजबूत करने का मौका मान रही है।

कार्यकर्ताओं में जोश है। शहर भर से बसों और गाड़ियों से लोग रैली में पहुंचने वाले हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। राम रक्षा आंदोलन अब सिर्फ एक आंदोलन नहीं बल्कि सियासी हथियार बनता दिख रहा है।