
BJP अध्यक्ष संजय सरावगी | फोटो सोर्स- IANS
Sanjay Saraogi: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा भाजपा पर लगाए गए 'ऑपरेशन लोटस' के आरोपों का बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जवाब दिया है। सरावगी ने कहा कि जो पार्टियां अपने नेताओं और विधायकों को एकजुट नहीं रख पा रही हैं, वे अपनी कमियों को छिपाने के लिए बीजेपी पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए पूछा कि विपक्ष के नेताओं को आखिर हर वक्त किस बात का भय सता रहा है?
उन्होंने आगे कहा, 'आज प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण हम देश को चौथी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं... इन लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है कि देश आगे बढ़ रहा है...'
तृणमूल कांग्रेस में टूट और शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के साथ छोड़ने के बाद अब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उमर अब्दुल्ला ने दावा किया कि भाजपा पार्टी बदलने के लिए विधायकों को 20-30 करोड़ रुपए और मंत्री पद का वादा करके नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने यह दावा श्रीनगर के हजरतबल में अपनी दादी के 26वीं पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए की। उन्होंने आरोप लगाया कि पैस और मंत्री पद के ऑफर के बावजूद नाकाम रहने पर भाजपा ने अपनी रणनीति में तब्दीली कर दी है। भाजपा अब नेशनल कॉन्फ्रेंस को तोड़ने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं पर भरोसा जताते हुए कहा, नेशनल कॉन्फ्रेंस का कोई विधायक पैसे के लिए पार्टी नहीं छोड़ेगा। भाजपा को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा, यह मत सोचिए कि हम इतने कमजोर हैं कि पिछले दरवाजे से आप घुस आएंगे। लोगों ने आपको पीछे रखा है और आप वहीं रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस आरोप पर समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र कुमार सिंह की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा है कि BJP विपक्ष को खत्म करना चाहती हैं। यही BJP की एकमात्र राजनीति बन गई है। जब चुनाव होते हैं, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था को तोड़ने के लिए वोट चुराए जाते हैं। दुख की बात यह है कि देश की संवैधानिक संस्थाएं किसी न किसी तरह मोदी जी के साथ समझौता कर रही हैं।
Updated on:
12 Jul 2026 11:39 am
Published on:
12 Jul 2026 11:03 am
