
बिहार में खड़ी पैसेंजर ट्रेन में लगी आग (Video Screenshot)
Sasaram-Patna Passenger Train: बिहार के रोहतास जिले स्थित सासाराम रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेन के एक हिस्से से घना और खतरनाक धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों और स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। समय रहते कार्रवाई किए जाने के कारण एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने की इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और स्थिति को तेजी से नियंत्रण में कर लिया गया।
आग लगने के बाद स्टेशन परिसर में धुएं का गुबार फैल गया। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने बिना देर किए स्टेशन पर लगी पानी की पाइपों के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह साफ हो पाएगी। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए स्टेशन पर रेल परिचालन प्रभावित रहा, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है।
भारतीय रेलवे में ट्रेन में आग लगने की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। अधिकांश मामलों में शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या ज्वलनशील सामान को वजह माना गया है। ऐसे हादसों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई बार सवाल खड़े किए हैं।
Updated on:
18 May 2026 08:24 am
Published on:
18 May 2026 08:00 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
