24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Lok Sabha Elections 2024: BJP ने सीता सोरेन को बनाया उम्मीदवार, ‘INDIA’ गठबंधन में सीट शेयरिंग पर नहीं हो पा रहा फैसला

गुरुजी इन दिनों भले राजनीति में सक्रिय ना हों लेकिन उनकी सीट 'दुमका' झारखंड ही नहीं समूचे देश में चर्चा का केन्द्र बनी हुई है। दुमका वो सीट है जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जीत की 'हैट्रिक' लगा चुके हैं। उसी दुमका सीट पर भाजपा ने इस बार सोरन परिवार में सेंध लगाकर झामुमो के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पढ़िए प्रियंरजन भारती की विशेष रिपोर्ट...

2 min read
Google source verification
sita_soren_bjp.jpg

गुरुजी इन दिनों भले राजनीति में सक्रिय ना हों लेकिन उनकी सीट 'दुमका' झारखंड ही नहीं समूचे देश में चर्चा का केन्द्र बनी हुई है। दुमका वो सीट है जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जीत की 'हैट्रिक' लगा चुके हैं। उसी दुमका सीट पर भाजपा ने इस बार सोरन परिवार में सेंध लगाकर झामुमो के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। भाजपा ने सोरेन की बहू सीता सोरेन को पार्टी टिकट पर मैदान में उतारकर चुनाव को रोचक बना दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बंवडर ने इन दिनों झारखंड की राजनीति को गरमा रखा है। सीता, हेमंत सोरेन की भाभी हैं।

यहां इस मामले में पिछड़ रहा है 'इंडिया' गठबंधन

झारखंड में 'इंडिया' गठबंधन उम्मीदवार तय करने में अब भी बहुत पीछे चल रहा है। कांग्रेस के तीन और भाकपा माले के एक ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा की गई है। अभी कई सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा बाकी है। इनके चयन के लिए मशक्कत जारी है। इसके साथ ही इंडिया गठबंधन में कांग्रेस, झामुमो और राजद के बीच अभी सीटों को लेकर क्लियर कट बंटवारा नहीं हो पाया है।

इन सीटों पर नहीं अभी भी नहीं हो पाया फैसला

राजद झारखंड में पलामू और चतरा की सीटों की चाहत रखता है लेकिन कांग्रेस ने इसे लेकर आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने झारखंड में एक से ज्यादा सीटें देने पर राजद को साफ मना किया है। अब इस स्थिति में यह देखना दिलचस्प होगा कि सीट बंटवारे में कांग्रेस पलामू और चतरा में दोनों सीटें राजद को देती है या उसे एक सीट से संतोष करना पड़ता है। हालांकि बिहार में सीट बंटवारे के दरम्यान लालू प्रसाद ने कांग्रेस को यह साफ कर दिया था कि बिहार में कांग्रेस को 9 सीटें इसी शर्त पर दी जा रही हैं कि झारखंड में पलामू और चतरा की सीट राजद हर हाल में लेगा।

धनबाद में उम्मीदवार को लेकर बवाल

कोयलांचल में कोयले की राजधानी धनबाद सीट पर भाजपा के उम्मीदवार ढुलू महतो को लेकर बवाल मचा हुआ है। ढुलू महतो धनबाद के बाघमारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। महतो का अपने विधानसभा क्षेत्र के अलावा धनबाद संसदीय क्षेत्र में दबदबा है। उनके खिलाफ कई मुकदमे चल रहे हैं जिसकी शिकायत स्थानीय व्यापारियों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से की है। इसे लेकर भाजपा उम्मीदवार खासे नाराज हैं। व्यापारियों के समर्थन में भाजपा के पूर्व विधायक और मंत्री सरयू राय धनबाद के मैदान में कूद पड़े हैं।

गांडेय से चुनाव लड़ेंगी कल्पना सोरेन

गांडेय विधानसभा उप चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी लड़ेंगी। यह उप चुनाव भी किसी भी हाल में राज्य के सबसे हॉट सीट के मुकाबले कम नहीं होगा। इस उपचुनाव का परिणाम झारखंड में झामुमो की आगे की राजनीति और रणनीति को नई दिशा देगा। लोकसभा चुनाव के साथ ही इस चुनाव में भी राजनीतिक दल अपनी ताकत झोंक रहे हैं। झारखंड की राजनीति में पिछले दिनों जो घटनाक्रम हुआ उसके बाद सभी दलों की चिंता बढ़ गई है। मतदाता सभी दलों की गतिविधियां देख रहा है लेकिन सभी ने खामोशी ओढ़ रखी है और मतदान के दिन अपनी पसंद का बटन दबाएंगे।

यह भी पढ़ें - बीजेपी ने Delhi CM के राजधानी में लगाए पोस्टर, AAP नेता आतिशी ने दर्ज कराई शिकायत, कहा- 'EC पर लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी'