26 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली से स्विट्जरलैंड जा रही फ्लाइट के इंजन में अचानक आई खराबी, 6 यात्री घायल, बड़ा हादसा टला

Delhi Airport Incident: दिल्ली एयरपोर्ट पर SWISS International Air Lines की ज्यूरिख जा रही फ्लाइट टेकऑफ से पहले इंजन खराबी के कारण रोक दी गई। इमरजेंसी निकासी के दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

2 min read
Google source verification

SWISS की फ्लाइट। (फोटो- IANS)

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया। SWISS International Air Lines की दिल्ली से ज्यूरिख जा रही फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले इंजन में खराबी आ गई, जिसके बाद विमान को अचानक रोकना पड़ा।

एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि इमरजेंसी निकासी के दौरान छह यात्री घायल हो गए। जिनका इलाज चल रहा है। इस दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

कैसे हुई घटना?

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट LX147 रनवे 28 पर करीब 1 बजे तेज रफ्तार पकड़ रही थी, तभी एक इंजन में तकनीकी दिक्कत आ गई।

हालात को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोकने का फैसला लिया। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से विमान को खाली कराया गया।

यह विमान Airbus A330 था, जिसमें कुल 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया।

इमरजेंसी निकासी में 6 यात्री घायल

इमरजेंसी स्लाइड के जरिए विमान से बाहर निकलते समय छह यात्री घायल हो गए। इन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एयरलाइन के अनुसार, क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। कुछ यात्रियों को स्लाइड से उतरने में दिक्कत हुई, ऐसे में उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई।

एयरलाइन ने क्या कहा?

एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि घटना की पूरी जांच की जाएगी। एयरलाइन ने बताया कि तकनीकी टीम को दिल्ली भेजा जा रहा है, जो विमान की जांच करेगी और आगे की कार्रवाई तय करेगी।

एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जा रही है। जिन यात्रियों को तुरंत फ्लाइट नहीं मिल पाई, उनके लिए होटल में ठहरने की सुविधा दी जा रही है।

यात्रियों के लिए राहत और सहायता

घटना के बाद एयरलाइन की स्थानीय टीम लगातार यात्रियों की मदद में जुटी हुई है। सभी यात्रियों को संपर्क कार्ड दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके। एयरलाइन ने माना कि यह स्थिति यात्रियों के लिए तनावपूर्ण थी और उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।