
TVK प्रमुख विजय की कुल संपत्ति (ANI)
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख लीडर विजय (Vijay) ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति, आय और निवेश से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है। यह खुलासा उनके चुनावी मैदान में उतरने के बीच हुआ है, जिसने लोगों का ध्यान खास तौर पर आकर्षित किया है।
हलफनामे के अनुसार, विजय की कुल संपत्ति करीब 603.20 करोड़ रुपये है। वित्त वर्ष 2024-25 के आयकर रिटर्न में उन्होंने 184.53 करोड़ रुपये की आय घोषित की है, जिसमें स्वरोजगार, ब्याज और किराये से होने वाली कमाई शामिल है।
विजय के पास कुल 198.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां हैं, जिनमें चेन्नई में स्थित कई आवासीय और व्यावसायिक प्रॉपर्टी तथा कोडाइकनाल में कृषि भूमि शामिल है। उनकी चल संपत्तियों का कुल मूल्य 404.58 करोड़ रुपये आंका गया है, जिसमें बैंक खातों में 213 करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि, नकद रूप में 2 लाख रुपये, लग्जरी कारों का कलेक्शन (BMW 530, Lexus, Toyota Vellfire और BMW i7) तथा 883 ग्राम सोना और चांदी के आभूषण (जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है) शामिल हैं।
हलफनामे में विजय ने स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। वे किसी भी अपराध में दोषी नहीं ठहराए गए हैं। उन पर किसी तरह का कोई कर्ज या वित्तीय देनदारी नहीं है।
विजय ने अपनी शिक्षा के बारे में बताया कि उन्होंने 10वीं (1989) और 12वीं (1991) की पढ़ाई प्राइवेट तौर पर पूरी की। इसके बाद उन्होंने 1992 में लोयोला कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई शुरू की, लेकिन किसी कारणवश उसे बीच में ही छोड़ दिया।
विजय ने अपने परिवार और अन्य लोगों को दिए गए ऋण का भी खुलासा किया। उनकी पत्नी संगीता की कुल संपत्ति 15.76 करोड़ रुपये है, जिसमें से उन्होंने पत्नी को 12.6 करोड़ रुपये का ऋण दिया है। उनके बेटे जेसन संजय को 8.78 लाख रुपये और बेटी दिव्या साशा को 4.6 लाख रुपये का ऋण दिया गया है। इसके अलावा, पिता एस. ए. चंद्रशेखर को 3.02 करोड़ रुपये और मां शोभा शेखर को 8.71 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया है।
विजय ने कई संस्थाओं और व्यक्तियों को भी बड़ी रकम उधार दी है। इनमें एल. पी. एंटोनियस ब्रिट्टो और कोकिलांबल एजुकेशनल ट्रस्ट को 20 करोड़ रुपये, विद्या चैरिटेबल ट्रस्ट को 5.84 करोड़ रुपये तथा टीवीके महासचिव एन. आनंद को 3 करोड़ रुपये उधार दिए गए हैं।
विजय ने पेरंबूर और तिरुचि ईस्ट विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया है। मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
Published on:
31 Mar 2026 09:57 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
