
तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी जिले में दवा कंपनी में ब्लास्ट। Photo Credit- (X/ @hydnewshunt)
Telangana Blast: तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरी जिले में एक दवा कंपनी में देर रात ब्लास्ट हुआ, जिसके कारण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। ब्लास्ट के संबंध में शनिवार को पुलिस ने जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, पोचमपल्ली मंडल स्थित दवा कंपनी में यह हादसा उस वक्त हुआ, जब कर्मचारियों की शिफ्ट बदल रही थी।
दवा कंपनी के रिएक्टर में ब्लास्ट के बाद आग लगने की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद राहत और बचाव कार्य पूरा किया गया।
इस हादसे के संबंध में दमकल अधिकारी ने बताया, 'कल (शुक्रवार) रात करीब 10:30 बजे हमें स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि एक फार्मा कंपनी में ब्लास्ट हुआ है। चौटुप्पल से एक दमकल वाहन और अन्य स्थानों से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। यह घटना यादाद्री-भुवनगिरी जिले के पोचमपल्ली मंडल के डोटिगुडेम गांव स्थित हेजलो लैब प्राइवेट लिमिटेड में हुई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हमें आशंका है कि रिएक्टर में विस्फोट हुआ हो सकता है। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।'
दवा कंपनी के रिएक्टर में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। इससे वहां काम कर रहे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, दवा कंपनी के रिएक्टर में हुए ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। ब्लास्ट में घायल दो श्रमिकों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायलों को नजदीकी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से झुलसे हुए लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर रिएक्टर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन घटना पर नजर बनाए हुए हैं।
Updated on:
22 Aug 2026 09:42 am
Published on:
22 Aug 2026 09:41 am
