
TMC Has The Spine To Take On BJP, Saffron Party Will Be Ousted In 2024, Says Mamata Banerjee
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को शहीद दिवस रैली को संबोधित किया। इस रैली में हजारों की संख्या में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस कार्यक्रम के दैरान सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी राज्य सरकारों को गिराने का प्रयास कर रही है। जनता 2024 के चुनाव में भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर कर देगी।
शहीद दिवस के मौके पर आयोजित इस रैली में हिस्सा लेने के लिए TMC के लाखों कार्यकर्ता कोलकाता में जुटे। इस दौरान ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों को हमारी भर्ती प्रक्रिया में खामियां नजर आती हैं। रेलवे, केंद्र सरकार के विभागों में हो रहीं भर्ती के बारे में कुछ क्यों नहीं कहा जाता।
उन्होंने आगे कहा, "बीजेपी ने देश को बेच दिया। केंद्र की भाजपा सरकार ने एयर इंडिया, कोल इंडिया, रेलवे सब कुछ बेच दिया है। उन्हें पता नहीं कि आजादी हासिल करना कितना मुश्किल था। अब अग्निपथ योजना के साथ वे भारतीय सेना के साथ भी ऐसा ही करना चाहते हैं।"
ममता बनर्जी ने कहा "लाखों नौकरियां खत्म हो गई है और अब नई स्कीम आई है 'अग्निपथ'... मैं कहती हूं कि आर्मी का कोई विकल्प नहीं होता है, आर्मी तो आर्मी होती है। वे अग्निपथ योजना के जरिए भारतीय सेना को भी कमजोर कर रहे हैं। यह और कुछ नहीं बल्कि उनकी पार्टी के लिए कैडर बनाने की कोशिश है।"
GST में हुई बढ़ोतरी को लेकर ममता ने केंद्र पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "ऐसी सरकार की जरूरत नहीं है जो ईंधन और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि करे। LPG सिलेंडर की कीमत देखें। ईंधन की कीमतों को देखें। आज रुपए की कीमत सबसे कम है और केंद्र ने मूडी (मुरमुरे) पर भी GST लगा दिया है, तो क्या भाजपा के लोग अब मूढ़ी नहीं खाएंगे? सरकार ने चावल पर भी GST लगा दिया है। हम साधारण लोग हैं जो सादा खाना खाते हैं और भाजपा हमसे वह भी छीन रही है। मिठाई, लस्सी, दही पर GST लगी है। लोग क्या खाएंगे?" उन्होंने आगे कहा कि मरने पर कितनी GST लगेगी?
सीएम ने आगे कहा, "हम विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं तो भाजपा बस अपने ही एजेंडे के साथ सामने आती है। हमें रोकने की कोशिश करती है। वे मुझे और मेरी पार्टी को कभी नहीं रोक पाएंगे। बीजेपी राज्यों में सरकारें गिराने की कोशिश कर रही है। उसे 2021 के विधानसभा चुनाव के नतीजे याद रखना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के पास ED और CBI है, लेकिन उनके पास रीढ़ की हड्डी नहीं है। हमारे पास लड़ने की ताकत है, हमारे पास भाजपा से मुकाबला करने के लिए रीढ़ की हड्डी है। भारत की जनता 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी के लिए 21 जुलाई क्यों है खास?
Published on:
21 Jul 2022 04:12 pm

बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
