27 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 : प्रचार खत्म सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला, 16 फरवरी को 259 उम्मीदवार के लिए होगी वोटिंग

Tripura Assembly election 2023 त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो गया है। चुनाव मैदान में कुल 259 उम्मीदवार हैं। जिनमें 31 महिलाएं हैं। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 16 फरवरी को वोटिंग पड़ेगी।

3 min read
Google source verification
tripura_assembly_election.jpg

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 : प्रचार खत्म सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला, 16 फरवरी को 259 उम्मीदवार के लिए होगी वोटिंग

Tripura Assembly election 2023 त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 16 फरवरी को वोटिंग होगी। एक महीने से अधिक समय से चला आ रहा विधानसभाप्रचार अभियान मंगलवार दोपहर समाप्त हो गया। त्रिपुरा के 8 जिलों के सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) और राज्य पुलिस कर्मियों ने सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया है। सभी निर्वाचन क्षेत्रों। लगभग 31,000 मतदान कर्मी 2504 स्थानों पर अपने निर्धारित 3,327 मतदान केंद्रों पर या तो पहुंच चुके हैं या रास्ते में हैं। त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गीते किरणकुमार दिनकरराव ने कहा कि, 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में 31 महिलाओं सहित कुल 259 उम्मीदवार मैदान में हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में 24 महिलाओं सहित 297 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। वोटों की गिनती 2 मार्च को होगी।

चुनाव के लिए सुरक्षा बल मुस्तैद

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि, गृह मंत्रालय ने निष्पक्ष और हिंसा मुक्त विधानसभा चुनाव के लिए सीएपीएफ की 400 कंपनियां (30,000 सुरक्षाकर्मी) प्रदान की हैं। अधिकारी ने बताया कि, सीएपीएफ के अलावा, असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, लगभग 9,000 टीएसआर जवानों और 6,000 से अधिक त्रिपुरा पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है।

पीएम मोदी सहित भाजपा के कई दिग्गजों ने किया चुनाव प्रचार

पीएम नरेंद्र मोदी ने दक्षिणी, उत्तरी और पश्चिमी त्रिपुरा में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित किया, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भाजपा शासित त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों में कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सबार्नंद सोनोवाल, स्मृति ईरानी, अर्जुन मुंडा, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (असम), योगी आदित्यनाथ (यूपी), और एन बीरेन सिंह (मणिपुर), पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, विधायक अग्निमित्रा पॉल, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और हेमा मालिनी और राज्य के बाहर के कई भाजपा नेताओं और सांसदों ने पार्टी के लिए प्रचार किया।

यह भी पढ़े - अगरतला में पीएम मोदी बोले, त्रिपुरा जनता को चाहिए सबका साथ, सबका विकास वाली सरकार

विपक्षी दल भी पीछे नहीं रहे, जमकर किया प्रचार

माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, पोलित ब्यूरो सदस्य प्रकाश करात, बृंदा करात, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार और कई अन्य वामपंथी नेताओं ने वाम दलों और कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी त्रिपुरा में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। कांग्रेस के लोकसभा नेता अधीर रंजन चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद दीपा दासमुंशी, कांग्रेस नेता अलका लांबा और पार्टी के कुछ अन्य केंद्रीय नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

त्रिपुरा में पहली बार कांग्रेस-माकपा गंठबंधन लड़ रहा है चुनाव

त्रिपुरा में पहली बार कांग्रेस और माकपा के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा सीट बंटवारे के तहत संयुक्त रूप से चुनाव लड़ रहे हैं। और उन्होंने राज्य के विभिन्न हिस्सों में संयुक्त रैलियां भी कीं। वाम मोर्चे ने 47 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए और कांग्रेस को 13 सीटें आवंटित कीं। सीईओ ने कहा कि 259 उम्मीदवारों में से सबसे अधिक 55 उम्मीदवारों को सत्तारूढ़ भाजपा, इसके बाद माकपा (43), टिपरा मोथा पार्टी (42), तृणमूल कांग्रेस (28) और कांग्रेस ने 13 उम्मीदवारों को खड़ा किया है।

आईपीएफटी ने छह उम्मीदवार खड़े किए

भले ही भाजपा ने अपने सहयोगी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को पांच सीटें आवंटित की हैं, लेकिन आईपीएफटी ने छह उम्मीदवार खड़े किए हैं। दक्षिणी त्रिपुरा के अम्पीनगर में, भाजपा ने पाताल कन्या जमातिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आईपीएफटी ने मौजूदा विधायक सिंधु चंद्र जमातिया को मैदान में उतारा है। कुल 58 निर्दलीय उम्मीदवार और विभिन्न छोटे दलों के 14 उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़े - Video : त्रिपुरा की स्थिति बदलने को दिया 'चलो पलटाई' का नारा : अमित शाह