18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बंगाल में बवाल: दिनहाटा कोर्ट पहुंचते ही पूर्व मंत्री उदयन गुहा के खिलाफ प्रदर्शन, फेंके गए अंडे, 7 दिन की पुलिस हिरासत

दिनहाटा कोर्ट में पेशी के दौरान पूर्व मंत्री उदयन गुहा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। नारेबाजी और अंडे फेंके जाने के बीच भारी पुलिस बल तैनात रहा। जानिए पूरा मामला क्या है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Jun 18, 2026

Udayan Guha Dinhata Court

पूर्व मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार, उदयन गुहा (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Udayan Guha Dinhata Court: पश्चिम बंगाल के दिनहाटा में पूर्व मंत्री उदयन गुहा को जब सब-डिविजनल कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया, तो उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कोर्ट परिसर के बाहर कुछ लोगों ने नारेबाजी की और उनकी ओर अंडे भी फेंके। स्थिति को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस को उदयन गुहा को हेलमेट पहनाकर वहां से ले जाना पड़ा। हालांकि गनीमत रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

दिनहाटा सब-डिविजनल कोर्ट में पेशी के दौरान कूचबिहार पुलिस ने उदयन गुहा के लिए 14 दिन की पुलिस हिरासत की मांग की थी। पुलिस का कहना था कि मामले में कई पहलुओं की जांच की जानी है और पूछताछ के लिए हिरासत जरूरी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

अस्पताल से कोर्ट तक जारी रहा विरोध

रिपोर्ट के मुताबिक, उदयन गुहा को मेडिकल जांच के लिए पहले सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया था। इस दौरान भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अस्पताल के बाहर जुटे रहे और उनके खिलाफ नारेबाजी करते रहे। मेडिकल जांच के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट ले जाया गया लेकिन अस्पताल से कोर्ट तक के रास्ते में भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर सड़े अंडे, जूते, कीचड़ और अन्य सामान फेंककर अपना विरोध जताया। कुछ लोगों द्वारा पुलिस वाहन की ओर पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है। हालात को देखते हुए सुरक्षा बलों ने सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया। उदयन गुहा को पूरे समय हेलमेट पहनाकर ले जाया गया।

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला रूपम साहा नामक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में उदयन गुहा समेत 14 लोगों पर उगाही, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 406, 420, 384 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद एक संगठन के माध्यम से कारोबारियों, आम लोगों और विभिन्न संस्थाओं से कथित तौर पर धन जुटाया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि कुछ मामलों में रसीदें जारी की गईं, जबकि कई जगह बिना दस्तावेज के पैसे लिए गए।

जांच में किन बातों पर रहेगा फोकस?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत के दौरान जांच एजेंसियां वित्तीय लेनदेन, धन संग्रह और मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करेंगी। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों का पता चल सकता है।

उधर, दिनहाटा पुलिस स्टेशन पहुंचने पर पत्रकारों ने जब उदयन गुहा से गिरफ्तारी को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा, "मुझे तो यह भी नहीं पता कि मुझे क्यों गिरफ्तार किया गया है। जब मुझे इसकी जानकारी होगी, तब मैं इस पर टिप्पणी करूंगा।"