
Giriraj Singh demands to cancel upcoming India vs pakistan match
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कुछ दिनों में शुरू होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच पर बयान दिया है। केंद्र सरकार में ग्रामीण और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस मैच को कैंसिल करने की मांग की है।
गिरिराज सिंह के भारत और पाकिस्तान के बीच का मैच कैंसिल करने के मांग उठाने का कारण
पिछले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर में हो रहे आतंकी हमलों के मद्देनज़र गिरिराज सिंह ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच को कैंसिल करने की मांग उठाई है। रविवार को जोधपुर में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के घर शोक सभा में शामिल होने आए गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादी चेहरा पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो गया है। आतंकवाद और इससे जुड़ी गतिविधियों को समर्थन देने की सज़ा पाकिस्तान को मिलनी चाहिए। ऐसे में यह ज़रूरी है की आने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में होने वाले भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट मैच पर फिर से विचार हो और इसे कैंसिल किया जाए।
आतंकवाद के खिलाफ विरोध और प्रदर्शन
पिछले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमलों के खिलाफ जम्मू में प्रदर्शन भी किया गया। जम्मू-कश्मीर में रहने वाले आम लोगों पर हो रहे हमलों और मासूम लोगों की हत्या और आतंकवाद के खिलाफ जंग में भारतीय सैनिकों के शहीद होने पर जम्मू में प्रदर्शन किया गया। साथ ही पूरे देश में आतंकवाद के खिलाफ लोगों में गुस्सा है और कई लोग भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप मैच को कैंसिल करने की मांग कर रहे हैं।
Published on:
18 Oct 2021 10:58 am
