
नामांकन के बाद वीणा मानवी को ले जाती पुलिस (फ़ोटो- वीडियो ग्रैब)
Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को सोमवार को गांधी मैदान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पटना कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद निकलते समय हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) ले जा रही थी, तो मानवी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस वैन के अंदर बनाए गए लगभग छह मिनट के इस वीडियो में वीणा मानवी ने भारतीय जनता पार्टी पर एक सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैंने स्क्रूटनी प्रक्रिया के दौरान अपने सभी मामलों की स्थिति की जांच की थी। कोई भी वारंट या गिरफ्तारी का आदेश लंबित नहीं था। मेरा नामांकन रद्द कराने के लिए पुलिस ने मुझे किसी भी गलती को सुधारने का मौका दिए बिना तुरंत गिरफ्तार कर लिया। BJP एक महिला के संघर्ष से इतनी डरी हुई है कि वे इतनी सस्ती और ओछी राजनीति पर उतर आए हैं।"
अपनी गिरफ्तारी के पीछे की वजह पर अंदेशा जताते हुए वीणा मानवी ने कहा कि साल 2019-20 के एक पुराने जमीन व प्रॉपर्टी विवाद के मामले को आधार बनाकर बीजेपी की एक कार्यकर्ता के पति (लाला जी) ने यह पूरा षड्यंत्र रचा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो केस ऑनलाइन 'डिस्पोज' (बंद) दिख रहा है और जिसमें वह मुख्य आरोपी भी नहीं थीं, उसमें नामांकन के ठीक बाद ही इतनी तत्परता क्यों दिखाई गई?
खुद को वैश्य समुदाय की बेटी बताते हुए, वीणा मानवी ने लोगों और युवाओं से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, "प्रशासन ने मुझे इसलिए गिरफ्तार किया है ताकि मैं 16 तारीख (नॉमिनेशन की जांच और नाम वापस लेने का समय) तक जेल में ही रहूं। मैं बिहार के युवाओं और वैश्य समुदाय से अपील करती हूं कि भले ही इस बार प्रशांत किशोर जीत जाएं, लेकिन इस गंदी राजनीति का विरोध करने के लिए आपको हर हाल में बीजेपी को हराना होगा।"
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए वोटिंग 30 जुलाई को होनी है और नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। इस सीट से बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, आरजेडी की रेखा गुप्ता और खुद जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) भी चुनाव लड़ रहे हैं।
Updated on:
13 Jul 2026 04:59 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:59 pm
