18 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘चार महीने बाद स्टालिन बनेंगे सीएम’ DMK विधायक का दावा, कहा- छह महीने भी नहीं टिकेगी विजय की सरकार

DMK नेता अनिता राधाकृष्णन ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री विजय की TVK सरकार छह महीने से ज्यादा नहीं टिकेगी। उन्होंने एमके स्टालिन की वापसी की बात कही और TVK नेताओं को खुली राजनीतिक चुनौती भी दी।

2 min read
Google source verification
Tamil Nadu New CM

सीएम विजय। (फोटो-IANS)

अभिनेता से मुख्यमंत्री बने जोसेफ विजय (Joseph Vijay) और उनकी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) पार्टी ने हाल ही में आयोजित चुनावों को जीत कर तमिलनाडु में अपनी सरकार बनाई है। लेकिन सरकार का कार्यकाल अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुआ है कि विपक्षी दल ने सरकार गिरने का दावा कर दिया है। द्रविड मुनेत्र कषगम (DMK) के वरिष्ठ नेता और तिरुचेंदूर विधायक अनिता राधाकृष्णन ने हाल ही में यह दावा किया है कि मौजूदा सरकार छह महीने भी नहीं टिक पाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन जल्द वापसी करेंगे।

TVK नेता आधव अर्जुना को दी खुली चुनौती

दक्षिण तमिलनाडु में आयोजित एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान राधाकृष्णन ने यह बयान दिया है। इस बयान ने राज्य की राजनीति में नया तनाव पैदा कर दिया है। विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच पहले से चल रही बयानबाजी अब और तेज होती दिखाई दे रही है। अनिता राधाकृष्णन ने अपने भाषण में कहा कि सरकार अब ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली। उन्होंने TVK नेता आधव अर्जुना को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह विधायक पद से इस्तीफा दें और तिरुचेंदूर से चुनाव लड़ें।

तिरुचेंदूर सीट पिछले पच्चीस वर्षों से राधाकृष्णन का गढ़

राधाकृष्णन ने आगे कहा कि यह हमारा शहर है और यहां किसी को भी हरा सकते हैं। बता दें कि तिरुचेंदूर सीट पिछले पच्चीस वर्षों से राधाकृष्णन का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है। उन्होंने यहां पहले अखिल भारतीय अन्ना द्रविड मुनेत्र कषगम (AIADMK) के टिकट पर जीत दर्ज की थी और बाद में DMK में शामिल होकर भी अपनी पकड़ बनाए रखी। इस दौरान DMK नेता ने एमके स्टालिन की हार पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि स्टालिन ने कोलाथुर क्षेत्र को सिंगापुर जैसा विकसित किया था, लेकिन वहां के मतदाताओं ने उनका साथ नहीं दिया।

मुख्यमंत्री विजय या TVK की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं

राधाकृष्णन ने यह भी कहा कि पार्टी चाहती है कि स्टालिन अब तिरुचिरापल्ली से चुनाव लड़ें। राधाकृष्णन ने दावा किया कि अगले चार से छह महीनों में फिर से DMK की सरकार बनेगी और स्टालिन मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। हालांकि उनके इस बयान पर अभी तक मुख्यमंत्री विजय, TVK या आधव अर्जुना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में विजय की TVK ने 234 में से 108 सीटें जीतकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। इस जीत ने राज्य में 62 वर्षों से चली आ रही DMK और AIADMK की राजनीतिक अदला बदली को रोक दिया। बाद में कांग्रेस, वाम दलों और विदुथलाई चिरुथैगल काची ने समर्थन देकर TVK गठबंधन को बहुमत दिलाया।