
लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग ने देश के कई राज्यों के प्रमुख सचिवों और डीजीपी को उनके पद से हटा दिया। लेकिन लगता है बंगाल डीजीपी के पोस्ट को लेकर चुनाव आयोग खुद कन्फ्यूज है। दरअसल, आयोग ने सोमवार को राज्य के डीजीपी राजीव कुमार को उनके पद से हटा दिया था और वरिष्ठ आईपीएस अफसर विवेक सहाय को जिम्मेदारी सौंपी। लेकिन सहाय के अभी डीजीपी बने 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि चुनाव आयोग ने सहाय को उनके पद से हटाकर संजय मुखर्जी को बंगाल पुलिस का नया मुखिया बना दिया है। इसके साथ ही उन्हें आज ही शाम तक पदभार संभाल लेने का भी निर्देश दिया है।
सोमवार को पद से हटाए गए थे राजीव कुमार
बता दें कि पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को हटाने के आदेश के बाद चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से तीन नाम मांगे थे। जिसके बाद पश्चिम बंगाल की ममता सरकार की ओर से डीजीपी के लिए तीन नाम भेजे गए थे। उन में दूसरे नंबर पर संजय मुखर्जी का नाम था। वहीं, अब 24 घंटे बाद विवेक सहाय को भी पदमुक्त कर दिया गया है।
सभी विपक्षी दलों ने कुमार के खिलाफ की थी शिकायत
वर्ष 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें राजीव कुमार को दो बार कोलकाता पुलिस के तत्कालीन आयुक्त के रूप में प्रतिस्थापित किया गया था। हालांकि, चुनाव के बाद राज्य सरकार ने उन्हें फिर उसी पद पर बहाल कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि आयोग के शीर्ष अधिकारियों की हालिया पश्चिम बंगाल यात्रा के दौरान लगभग सभी विपक्षी दलों ने कुमार के खिलाफ शिकायत की थी और उन पर पारदर्शी तरीके से काम नहीं करने का आरोप लगाया है।
1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं मुखर्जी
चुनाव आयोग ने मंगलवार को संजय मुखर्जी के नाम पर स्वीकृति दी है। मुखर्जी 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और अब तक अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग में सचिव बना दिया गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। चुनाव आयोग ने मंगलवार को 6 राज्यों के गृह सचिवों को भी हटाने का आदेश दिया था।
Updated on:
19 Mar 2024, 3:45 PM IST
Published on:
19 Mar 2024, 3:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.