
देशभर में बारिश से हाहाकार
Weather Alert: मानसून की एंट्री होने के बाद से हो रही बारिश ने उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में जमकर कहर बरपाया है। शनिवार और रविवार को रिकॉर्ड बारिश के कारण बड़े पैमाने पर भूस्खलन और बाढ़ की घटना सामने आई है। बारिश की अलग अलग घटनाओं में करीब 22 लोगों की जान चली गई। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिकारियों ने कुछ प्रभावित इलाकों में स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। पंजाब के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण सेना को अलर्ट पर रखा गया है। भारी बारिश के कारण रेल यातायात पर भी असर पड़ा है।
22 लोगों की मौत, सेना अलर्ट पर
देशभर में हो रही बारिश की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। उत्तर भारत में भूस्खलन और बारिश जनित विभिन्न घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में बीते 24 घटें के दौरान हुई बारिश में 15 इमारतें ढह गई है। लगातार बारिश के कारण पानी भर जाने के बाद बंद की गई दिल्ली के प्रगति मैदान अंडरपास आज भी जलभराव के कारण बंद है। जबकि पंजाब के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण सेना को अलर्ट पर रखा गया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बाढ़ का खतरा! केजरीवाल सरकार ने जारी की गाईडलाइन्स, मंत्री बोले- बाढ़ के लिए हरियाणा जिम्मेदार
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में आज स्कूल बंद
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों के प्रमुखों को एक नोटिस भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि सभी सरकारी और निजी स्कूल सोमवार को छात्रों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, शिक्षकों को स्कूल आने का निर्देश दिया गया है। भारी बारिश के चलते हिमाचल के नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 10 से 13 जुलाई 2023 बंद करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, हिमाचल सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों को 11 जुलाई 2023 तक बंद रखने का आदेश दिया है।
खतरे के निशान के करीब पहुंची यमुना
दिल्ली में सुबह 8 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर 203.33 मीटर दर्ज किया गया। नदी का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है। हथिनीकुंड बैराज से आज सुबह 8 बजे 2.79 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया। कल गुरुग्राम की कोटा कॉलोनी में बारिश का पानी घरों में घुस गया। इसके बाद प्रशासन ने निवासियों को भोजन और पीने का पानी उपलब्ध कराकर मदद की। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से गुरुग्राम में कई जगहों पर जलभराव हो गया और बादशाहपुर की कोटा कॉलोनी एक तरह से जलमग्न हो गई।
यह भी पढ़ें- लगातार बारिश के चलते दिल्ली समेत इन राज्यों में स्कूल बंद करने के आदेश, जानिए कब खुलेंगे
गुरुग्राम में स्कूल बंद, वर्क फ्रॉम होम की सलाह
भारी बारिश के कारण गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात ठप सा हो गया है। ऐसे में प्रशासन ने निजी कंपनियों को अपने कर्मचारियों से सोमवार को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) कराने की सलाह दी। इसके साथ ही विद्यालयों को छुट्टी की घोषणा करने की सलाह दी। गुरुग्राम जिले में सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्ले स्कूल सहित) को 10 जुलाई, सोमवार को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
हिमाचल : मंडी में बादल फटने से आई बाढ़
हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों से भारी बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ की समस्या शुरू हो गई है तो कहीं बादल फटने से बाढ़ आ गई है। राज्य के मंडी जिले के थुनाग में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। वहीं, हिमाचल में बारिश का कहर देखते हुए राज्य सरकार ने एडवाइजरी जारी की। इसके तहत लोगों को घरों में रहने का आदेश जारी किया गया है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने मध्य भारत में, मध्य प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान भारी वर्षा होने की संभावना है। दक्षिण भारत में, तटीय कर्नाटक और केरल में अलग-अलग भारी वर्षा होने के आसार है। आईएमडी ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
Published on:
10 Jul 2023 10:24 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
