5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मौसम फिर दिखाएगा नया खेल: अगले कुछ दिन इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, तूफान का अलर्ट

Weather Alert: मौसम ने अचानक करवट ली है। राजस्थान, दिल्ली, यूपी-बिहार में ओले-बारिश और तेज तूफान ने तबाही मचा दी है। 24 घंटे में कई मौतें हुईं, तापमान गिरा है और पहाड़ों में फिर ठंड लौट आई है। आने वाले दिन और भारी पड़ सकते हैं। नीचे जानिए मौसम की ताजा अपडेट।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

May 06, 2026

Storm And Rain Alert

मौसम फिर दिखाएगा तेवर, जानिए ताजा अपडेट (सोर्स: पत्रिका)

Weather Update: देश के उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अचानक बदले मौसम ने भीषण गर्मी से राहत दी है, लेकिन कुछ हिस्सों में राहत के साथ तबाही भी मचाई। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातों के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में राजधानी दिल्ली, राजस्थान हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।

24 घंटों में 31 लोगों की मौत

मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में कहीं-कहीं 7-11 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे। तूफान से हरियाणा में हजारों पेड़ उखड़ गए। सड़कें, बिजली के खंभे और वाहन क्षतिग्रस्त हुए। कई जिलों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी आंधी-बारिश से यातायात प्रभावित रहा। यूपी-बिहार में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से बीते 24 घंटों में 31 लोगों की मौत हो गई। कई लोग झुलस गए।

कई राज्यों में पारा 10 डिग्री तक गिरा

राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि के बाद अधिकतम तापमान में 8-10 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर सहित कई जिलों में दिन का पारा सामान्य से काफी नीचे रहा, जिससे गर्मी से राहत मिली। आइएमडी के अनुसार मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 10 मई तक रहेगा और 10 मई को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे उत्तर-पश्चिम भारत समेत मध्य व पूर्वी भारत में बारिश-आंधी की गतिविधियां जारी रहेगी।

हिमाचल में गर्मी के सीजन में 'ठंड' का रिकॉर्ड

हिमाचल प्रदेश में मई के मौसम में ठंड का रिकॉर्ड बन गया। सोलन का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई।

इसके अलावा मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली, राजस्थान हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं।