नीमच. कलेक्टर तक शिकायत पहुंचने के बाद बुधवार को शासकीय बालक अनुसूचित जाति महाविद्यालय छात्रावास के दो कमरों के ताले तोड़े गए। इन कमरों में से वर्षों से संग्रहित की गई बड़ी मात्रा में खेल सामग्री बरामद हुई। यह खेल सामग्री छात्रावास के बच्चों के उपयोग के लिए वर्षों से रखी हुई थी, लेकिन वितरित नहीं की गई।
दीपक खा गई खेल सामग्री
मंगलवार को जनसुनवाई में शासकीय बालक अनुसूचित जाति महाविद्यालय छात्रावास में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों ने एक बार फिर कलेक्टर दिनेश जैन को आवेदन देकर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी। छात्रों का कहना था कि छात्रावास अधीक्षक रमेश पंवार उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में छात्रावात्र में विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। इसके बाद कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए थे। तीन सदस्यों की एक टीम भी गठित की गई थी। टीम ने बुधवार को छात्रावास पहुंचकर दो कमरों के ताले तोड़े। इन कमरों के अंदर बड़ी मात्रा में जिले छात्रावासों के विद्यार्थियों के लिए भेजी गई खेल सामग्री भरी पड़ी थी। जांच टीम के सदस्यों ने बताया कि यह खेल सामग्री एक-दो साल ही नहीं कई सालों से कमरों में रखी हुई है। इसका प्रमाण इस बात से लगता है कि अधिकांश लकड़ी की सामग्री को दीपक खा गई या पड़े पड़े नष्ट हो गई। इस संबंध में टीम के सदस्यों ने बरामद सामग्री की सूची तैयार की है। इसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात कही है। छात्रावास के विद्यार्थियों ने बड़ी मात्रा के खेल सामग्री निकलने और उसे विद्यार्थियों को उपलब्ध नहीं कराने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।