3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में महिला ने खुद की जान देकर बचाई आंगनबाड़ी के बच्चों की जान

mp news: मधुमक्खियों के हमले से बचाने के लिए महिला ने बच्चों को तिरपाल से ढका, खुद इतने डंक खाए कि चली गई जान।

2 min read
Google source verification
neemuch

woman dies saving anganwadi children bee attack

mp news: मध्यप्रदेश के नीमच जिले में एक महिला ने अपनी जान देकर आंगनबाड़ी के बच्चों की जान बचा ली। घटना सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र अंतर्गत मड़ावदा पंचायत के ग्राम रानपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की है। जहां अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। आंगनबाड़ी में बच्चे मौजूद थे जिन्हें बचाने के लिए महिला ने बच्चों को तिरपाल से ढक दिया। लेकिन वो खुद को मधुमक्खियों से नहीं बचा पाई और उसकी जान चली गई।

मधुमक्खियों ने किया हमला

सोमवार को रानपुर गांव में स्थित आंगनबाड़ी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। अचानक मधुमक्खियों के आने से आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर खड़ी महिला कंचनबाई ने वहां मौजूद छोटे बच्चों को बचाने का प्रयास किया। वो बच्चों को आंगनबाड़ी के अंदर ले गई और तिरपाल से ढक दिया। इसी दौरान मधुमक्खियों ने कंचनबाई पर हमला कर दिया और कई मधुमक्खियों ने उसे डंक मारे। आंगनबाड़ी पर मधुमक्खियों के हमले की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात आरक्षक कालूनाथ योगी एवं पायलट राजेश राठौर मौके पर पहुंचे।

कंचनबाई पर थी पूरे परिवार की जिम्मेदारी

मधुमक्खियों के हमले में घायल कंचनबाई को सरवानिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद कंचनबाई का शव परिजन का सुपुर्द कर दिया गया और गांव में उनका अंतिम संस्कार हुआ। घटना के बाद ग्राम रानपुर क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। बच्चों की जान बचाते-बचाते जान गंवाने वाली कंचनबाई आंगनबाड़ी केन्द्र में खाना पकाने वाले स्व सहायता समूह की अध्यक्ष थीं। ग्रामीणों ने बताया कि कंचनबाई के पति को पैरालिसिस है, परिवार में बीमार पति के अलावा एक बेटा व दो बेटियां हैं। कंचनबाई ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाती थी।

Story Loader