नीमच. 27वें रंग रंगीले फाग महोत्सव में शुक्रवार देर शाम दशहरा मैदान में खाटू नरेश बाबा श्याम का दरबार सजा। अलसुबह 4 बजे तक जमी भजन संध्या में श्याम भजनों पर श्रोता जमकर झूमे। इस दौरान बाबा श्याम के दरबार में मात्था टेकने आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
श्री खाटू श्याम मित्र मंडल नीमच के 27वें रंग रंगीले फाग महोत्सव के अंतर्गत 3 मार्च को खाटू नरेश बाबा श्याम की विशाल शोभायात्रा निकाली गई थी। इसके बाद शुक्रवार को दशहरा मैदान पर विराट भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस मौके पर बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। जिसे विशेष फूलों से सुसज्जित किया गया था। खाटू नरेश को छप्पन भोग का नैवेद्य लगा गया। भजन संध्या में बाबा श्याम की अखंड ज्योत और बाबा के दरबार में मात्था टेकने श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महाआरती के साथ भजन संध्या आरंभ हुई। ख्यातनाम भजन गायक लखबीरसिंह लख्खा मुंबई, रितु पंचाल दिल्ली व शुभांगी सोनी उड़ीसा ने मेरे सपनों में आते हैं खाटू श्याम…, मेरे शीश के दानी की अमर कहानी का सारे जग में डंका बाजे …, मेरी बीती उमरिया सारी, तेरी भक्ति में… आदि भजनों पर श्रद्धालु और भक्त जमकर झूमे। खाटू श्याम बाबा के भजन सुनने के हजारों की संख्या में श्रद्धालु दशहरा मैदान पहुंचे थे। आयोजनों को भव्यता प्रदान करने के लिए समिति ने पूरे इंतजाम किए थे। दर्शकों को दूर से ही श्याम बाबा के दर्शन और भजन गायकों की झलक दिख जाए इसके लिए दो विशाल स्क्रीन मौके पर लगाई गई थी।