नीमच. पत्रिका अमृतं जलम् अभियान के पांचवे दिन संजीवनी तालाब पर वृहद स्तर पर जलकुंभी निकालने का कार्य हुआ। इस कार्य में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक दलों के सदस्यों ने तो सहभागिता निभाई ही। साथ ही नगरपालिका की जेसीबी की मदद से भी करीब 10 ट्रॉली से अधिक जलकुंभी बाहर निकाली गई।
पत्रिका अमृतं जलम के पांचवें दिन शहर की सामाजिक संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था, चाईल्ड रिलिफ मिशन फाउंडेशन एवं नीमच सुरेश लोक शिक्षण समिति के सदस्यों ने संजीवनी तालाब किनारे से प्लास्टिक, पॉलीथिन थैलियां फटे पुराने कपड़े इत्यादि एकत्रित करने स्वच्छता का संदेश दिया। जलकुंभी से पटे पड़े संजीवनी तालाब से पर्यावरण मित्रों ने सुबह 7.30 से 9 बजे तक श्रमदान किया। तालाब के गंदे पानी में उतरकर वहां से जलकुंभी के साथ फटे पुराने कपड़े, जूते चप्पल आदि गंदगी कतारबद्ध खड़े होकर बाहर निकाली। इस अवसर पर संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था के अध्यक्ष किशोर बागड़ी ने बताया कि हमारे पूर्वजों ने जीवन जीने के लिए शहर हों या गांव प्रकृति को संवारने में कोई कमी नहीं रखी। पीढ़ी दर पीढ़ी चहुंओर हरियाली के साथ शहर एवं गांव में कुओं के जल संवर्धन बनाएं रखने के लिए शहर गांव के बाहर नदी नाले तालाब बनाए। विकास की अंधाधुंध दौड़ में हरियाली, नदी नाले, ताल-तलैया नष्ट होने के कगार पर पहुंच गए हैं। जो बचे हैं तो वहां गंदगी और जलकुंभी ने पैर पसार रखे हैं। नीमच शहर के चारों ओर कभी स्वच्छ नदियां बहती थी, जो अतिक्रमण की वजह से अब नाले का स्वरूप ले चुकी हैं। इन्हीं में से एक संजीवनी तालाब है जो शहरवासियों के लिए एक अच्छा पर्यटन स्थल बन सकता है। शहर की सुंदरता के साथ ही शहरवासियों को स्वच्छ स्वस्थ वातावरण के लिए यह उपयुक्त स्थल है। दुर्भाग्य से यह तालाब आज जलकुंभी एवं गंदगी से पटा पड़ा है। पत्रिका अमृतं जलम् अभियान के तहत गुुरुवार को सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों द्वारा अभियान चलाकर जलकुंभी और गंदगी निकाले हेतु श्रमदान किया। आम आदमी पार्टी के नवीनकुमार अग्रवाल ने बताया कि पत्रिका अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम मेंं शहर की सामाजिक संस्थाओं के साथ नगरपालिका का भी सहयोग मिल रहा है। पत्रिका अमृतं जलम् अभियान के पांचवें दिन संजीवनी तालाब से गंदा कचरा एवं जलकुंभी निकालने में आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रमुख नवीनकुमार अग्रवाल, संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था के अध्यक्ष किशोर बागड़ी, सचिव डॉ. राकेश वर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश मोरे, दुलीचंद कनेरिया, चाईल्ड रिलिफ मिशन फाउंडेशन के अध्यक्ष अनुप चौधरी, महेश सूत्रकार, नीमच सुरेश लोक शिक्षण समिति के अध्यक्ष राजेंद्रसिंह आदि ने श्रमदान कर सहभागिता निभाई।
दूध विक्रेता भी बना अभियान का सहभागी
गुरुवार को पत्रिका अमृतं जलम् अभियान के तहत संजीवनी तालाब में चल रहे अभियान में एक रौचक वाक्या हुआ। विकास नगर में दूध वितरित करने पहुंचे सीताराम गुर्जर निवासी ग्राम चौथखेड़ा ने जब सामाजिक संस्थाओं सदस्यों को तालाब में से जलकुंभी निकालते देखा तो दूध वितरण कार्य छोड़कर वहां पहुंच गए। उनका कहना था कि मुझे यह नहीं पता था कि पत्रिका यहां अभियान चला रही है। मैंने आप लोगों को सफाई करते देखा तो स्वयं को रोक नहीं पाया। मैं भी इस प्रकार की गतिविधियों को करता रहूता हंू। पत्रिका अमृतं जलम् अभियान का हिस्सा बन मुझे अच्छा लगा। इस प्रकार के आयोजन होते रहना चाहिए। यह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उपयोग साबित होंगे।