18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP Budget 2026 में इस क्षेत्र की हुई चांदी, 118 करोड़ में बनेंगी 12 सड़कें

MP Budget 2026: एमपी के नवीन बजट में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया है। 12 नई सड़कों की स्वीकृति और 100 करोड़ से अधिक के प्रावधान के साथ कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

2 min read
Google source verification

नीमच

image

Akash Dewani

Feb 18, 2026

MP Budget 2026 jawad gets 12 new roads and 100 crore development projects

jawad gets 12 new roads in MP Budget 2026 (फोटो- Freepik)

MP Budget 2026: मध्य प्रदेश सरकार के नवीन बजट में नीमच जिले की जावद विधानसभा ने विकास के मामले में बड़ी लकीर खींची है। क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के विशेष प्रयासों के चलते, जावद विधानसभा क्षेत्र ने बुनियादी ढांचे के विकास में बाजी मारी है। बजट में क्षेत्र को सर्वाधिक 12 नई सड़कों की स्वीकृति मिली है, जो जिले और आसपास के क्षेत्रों में एक रिकॉर्ड है। सड़कों के साथ-साथ शिक्षा के आधुनिकीकरण के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।

कनेक्टिविटी में नंबर-1 बना जावद

लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी बजट प्रावधानों के अनुसार, जावद विधानसभा क्षेत्र में कुल 12 प्रमुख मार्गों के निर्माण और उन्नयन को हरी झंडी मिली है। जानकारों का कहना है कि एक ही बजट सत्र में एक विधानसभा को इतनी बड़ी संख्या में सड़कों की स्वीकृति मिलना विधायक की सक्रियता और सरकार की क्षेत्र के प्रति प्राथमिकता को दर्शाता है। इन सड़कों के लिए करोड़ो रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

दो बड़ी परियोजनाएं बदलेंगी सूरत

इन 12 सड़कों में दो मेगा प्रोजेक्ट शामिल हैं। काटुंदा मोड़ से माखनगंज तक 21.5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 55 करोड़ रुपये और मोरवन से मनासा मार्ग (23 किमी) के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। ये दोनों सड़कें क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती हैं और इनके बनने से हजारों ग्रामीणों को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।

शिक्षा: सरकारी स्कूलों में लगेंगे इंटरैक्टिव पैनल

सड़कों के जाल के साथ ही शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए भी 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल लालपुरा और हाई स्कूल आलोरी में अतिरिक्त कक्ष और प्रयोगशालाएं (85 लाख) बनाई जाएंगी। वहीं, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देते हुए 15 लाख रुपये से इंटरैक्टिव पैनल लगाए जाएंगे, जिससे जावद के बच्चे अब स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर सकेंगे।

ग्रामीण मार्गों की सुध ली

विधायक सकलेचा ने सुदूर ग्रामीण अंचलों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए छोटी लेकिन महत्वपूर्ण सड़कों को भी बजट में शामिल करवाया है। इसमें खोर-हनुमंतिया, कनेरा घाट, और कदवासा पहुंच मार्ग जैसी सड़कें शामिल हैं, जिनकी मांग लंबे समय से की जा रही थी।

कोई भी कोना विकास से अछूता न रहे- विधायक

जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि हमारी कोशिश थी कि जावद का कोई भी कोना विकास से अछूता न रहे। क्षेत्र को सर्वाधिक 12 सड़कों की सौगात मिलना यह साबित करता है कि प्रदेश सरकार जावद के विकास को लेकर कितनी गंभीर है। शिक्षा और सड़क, दोनों ही समाज की प्रगति के आधार स्तंभ हैं और इस बजट में हमने दोनों को मजबूत किया है।

जावद को मिली सौगातों का रिपोर्ट कार्ड

कुल स्वीकृत सड़कें: 12 (क्षेत्र में सर्वाधिक)

टॉप-5 बड़ी सड़कें:

  1. काटुंदा मोड़ - माखनगंज: ₹55 करोड़
  2. मोरवन - मनासा: ₹50 करोड़
  3. खोर - हनुमंतिया -अठाना: ₹6 करोड़
  4. हनुमान चौराहा - कनेरा घाट: ₹4.50 करोड़
  5. कदवासा पहुंच मार्ग: ₹2.10 करोड़

अन्य महत्वपूर्ण मार्ग

झांतला-गोविंदपुर, डिकेन-गुढ़ाहोला, थड़ोद पहुंच मार्ग, जावद-सेगवा, अथवा-शाहनतलाई, दामोदरपुरा-आटा, काकरिया तलाई-बरखेड़ा।

शिक्षा बजट

कुल राशि- ₹1 करोड़
कार्य- भवन निर्माण एवं डिजिटल क्लासरूम (इंटरैक्टिव पैनल)।