
कृषि उपज मंडी में बिकने आया पोस्तादाना।
मुकेश सहारिया, नीमच. जल्द ही अन्नदाता और मंडी व्यापारियों के बुरे दिन आने वाले हैं। पहले केवल टर्की से पोस्तादाना आयात होने की सूचना से दाम १० से १२ हजार रुपए लुढ़क गए थे। अब जैसे ही यह जानकारी मिली कि आयात खोल दिया गया है १० हलार तक और दाम गिरने की आशंका बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि टर्की के साथ चीन और चेक गणराज्य से भी बड़ी मात्रा में देश में पोस्तादाना आयात किया जाएगा।
साढ़े चार हजार टन होगा आयात
कृषि उपज मंडी में पोस्तादाना के थोक व्यापारियों में इस समय दहशत बैठी हुई है। जानकारों का कहना है कि पहले तो केवल टर्की से पोस्तादाना आयात होने की सूचना थी। अब बताया जाता है कि सरकार ने आयात की अनुमति दे दी है। जल्द ही देश में टर्की से करीब ४५०० टन पोस्तादाना आयात किया जाएगा। इस खबर के साथ ही मंडी में पोस्तादाना के दाम औधे मुंह गिर गए। एक महीने पहले तक पोस्तादाना ६० से ६२ हजार रुपए क्विंटल था। टर्की से आयात की चर्चा से ही दाम १० से १२ हजार नीचे आ गए थे। अब जैसे ही टर्की से देश में पोस्तादाना आयात होगा दाम ३९ से ४० हजार रुपए क्विंटल तक पहुंच जाएंगेे। इससे जहां नीमच मंडी के व्यापारियों को काफी नुकसान होगा वहीं अफीम काश्तकारों को भी बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचेगा। जानकार बताते हैं कि चीन से करीब साढ़े तीन हजार टन और चेक गणराज्य से ५ से ६ टन पोस्तादाना आयात किया जाएगा। भारत में मात्र १३ से १५ हजार टन ही पोस्तादाना पैदा होता है। जबकि खपत इससे अधिक होती है। इसकी भरपाई के लिए ही इसके आयात की अनुमति दी गई है।
टर्की से क्वालिटी बनकर आता है पोस्ता
कुछ वर्ष पहले तक टर्की में पोस्तादाना ग्रेडिंग के लिए प्लॉट नहीं थे। अब वहां भी प्लॉट डल गए हैं। इसके देश के पोस्ता व्यापारियों और किसानों को काफी नुकसान होगा। बताया जाता है कि अब टर्की से 'एÓ वन गे्रड का पोस्तादाना देश में आयात किया जाता है। आशय यह कि जो टीनोपाल क्वालिटी का पोस्तादाना देश में सबसे उच्च श्रेणी का बिकता है उसे क्वालिटी का पोस्तादाना सीधे टर्की से आयात किया जाएगा। इतना ही नहीं ३३ प्रतिशत ड्यूटी और ५ प्रतिशत जीएसटी लगने के बाद भी देश में टर्की से आयात किया गया पोस्ता देश के दामों की तुलना में आधी कीमत पर मिलेगा। सभी टैक्स चुकाने के बाद देश में टर्की को एक क्विंटल पोस्तादाना मात्र २५ से २७ हजार में सहज रूप से मिल जाएगा। इतना सस्ता पोस्तादाना जब थोक व्यापारियों को देश में ही मिलने लगेगा तो देश के व्यापारियों और काश्तकारों से कोई क्यों इससे ऊंचे दामों पर पोस्तादाना खरीदेगा।
पोस्तादाना के और गिरेंगे दाम
टर्की से पोस्तादाना आयात होने की खबर से ही १० से १२ हजार रुपए तक दाम गिर गए थे। अब आयात खुल गया है तो दाम ३९ से ४० हजार रुपए क्विंटल तक पहुंचने की आशंका है। इससे व्यापारियों को सीधे सीधे काफी बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचेगा। दूसरी ओर दाम कम होने से अन्नदाता की कमर टूट जाएगी। उसे भी उचित दाम नहीं मिल पाएंगे।
- अजयसिंह कछावा, पोस्ता व्यापारी नीमच
किसानों को होगा आर्थिक नुकसान
जब से टर्की से पोस्तादाना आयात होने की सूचना मिली है यहां कि व्यापारियों में दहशत है। आर्थिक नुकसान के साथ व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित होगा। इस परेशानी से यहां कि पोस्तादाना व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी समस्या से अवगत भी कराया है। साथ ही मांग की है कि विदेश से पोस्ता आयात नहीं किया जाए। यदि ऐसा होता है तो अफीम काश्तकारों को भी काफी नुकसान पहुंचेगी। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुना करने की योजना पर काम कर रही है, लेकिन विदेश पोस्ता देश में बिकेगा तो अन्नदाता की आय कैसे दो गुना होगी।
- निरंजन राजू तिवारी, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीमच
Published on:
01 Mar 2018 01:48 pm
बड़ी खबरें
View Allनीमच
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
