जिले की जनता को नए सत्र में मेडिकल कॉलेज की बडी सुविधा मिलने वाली है। इसके लिए 255 करोड़ से कनावटी रोड पर कलेक्टर कार्यालय के आगे तेजी से कार्य किया जा रहा है। निर्माण के लिए पीआईयू ने फरवरी 2022 में अनुबंध किया था। भूमिपूजन व ड्रॉइंग के अभाव में काम देरी से शुरू हुआ। नियमानुसार फरवरी 2024 तक ठेकेदार को काम पूरा करना है। वर्तमान में कॉलेज परिसर में आवास, अकादमी भवन, विद्यार्थियों के हॉस्टल सहित अन्य भवनों का निर्माण कार्य जारी है जो 50 फीसदी से ज्यादा हो गया है। अब शासन ने इसी परिसर में शासकीय नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए अधिकारियों से डीपीआर मांगी है। जल्द ही यहां नर्सिंग कॉलेज का भवन भी तैयार किया जाएगा। इससे नीमच के बच्चों को नर्सिंग के लिए निजी कॉलेजों में परेशान नहीं होना होगा। जानकारी के अनुसार प्रारंभ में 60 से 70 सीटर नर्सिंग कॉलेज खोला जा सकता है। जिसे बाद में 150 व 200 तक बढ़ाया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में पहले साल के लिए 150 सीटों का प्रस्ताव
अधिकारियों के अनुसार नीमच मेडिकल कॉलेज में पहले साल के लिए 150 सीटों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह स्वीकृत होता है तो धीरे-धीरे सीटें बढ़ाई जाएंगी। नीमच कॉलेज में 250 सीटों तक स्वीकृति लेने का प्रयास है। इससे अधिक से अधिक डॉक्टर एक साथ मिल सकें। पीजी करने वाले डॉक्टरों की सुविधा मिलेगी तो चिकित्सा सुविधा में भी सुधार होगा। मरीजों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना होगा।
चार ब्लॉक का कार्य पूर्ण कर लिया है
पीआईयू इंजीनियर रिंकू चौहान ने बताया कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य 50 फीसदी पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में यहां पांच अकादमी ब्लॉक बनाना है। इसमें से चार का कार्य पूर्ण कर लिया है। पांचवें का कार्य चल रहा है। यूजी का हॉस्टल तैयार हो गया है। ऑटोप्सी ब्लॉक में फर्श लगाया जा रहा है। आवास निर्माण का कार्य भी प्रारंभ किया गया है। इसे भी जल्द से जल्द पूर्ण करने का लक्ष्य है।
पीआईयू के माध्यम से प्रक्रिया शुरू की
मेडिकल कॉलेज का नए सत्र तक कार्य पूर्ण करना है, करीब-करीब भवन का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है। शासन ने यहीं पर नर्सिंग कॉलेज के लिए भी डीपीआर मांगी है। पीआईयू के माध्यम से प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जल्द ही यहां नर्सिंग कॉलेज का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज का कार्य जनवरी व फरवरी तक पूरा करने का पूरा प्रयास है।
-डॉ. अरविंद घनघोरिया, प्रभारी डीन, मेडिकल कॉलेज