
इस तरह फर्श पर ही पड़े रहते हैं लावारिस मरीज।
नीमच. जिला चिकित्सालय लावारिस मरीजों की शरणगाह बनता जा रहा है। पिछले एक माह में ही ५ लावारिस मरीज यहां भर्ती कराए जा चुके हैं। इनमें लकवाग्रस्त, मानसिक रोगी व अन्य बीमारी से पीडि़त मरीज हैं। लावारिस मरीजों से स्वास्थ्य अमला ही नहीं जिस वार्ड में इन्हें भर्ती किया गया है वहां के लोग भी परेशान हैं। पुलिस प्रशासन भी लावारिस मरीजों के परिजनों की तलाश में जुटा है, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी।
लावारिस मरीजों से पूरा वार्ड परेशान
जिला चिकित्सालय में इस समय करीब 5 लावारिस मरीज भर्ती हैं। इन मरीजों को अलग-अलग स्थानों से 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय लाया गया था। इनमें से कुछ लकवाग्रस्त हैं। कुछ मानसिक रोगी भी बताए जा रहे हैं। कोई बोलने में असमर्थ है। ऐसे में मरीजों की पहचान नहीं हो पा रही है। मानसिक रोगी जिस वार्ड में भर्ती है वहां पूरा वार्ड परेशान है। लावारिस मरीजों के परिजनों की तलाश में पुलिस टीम पिछले एक माह से जुटी है। इसके बाद भी अब तक सफलता हाथ नहीं लगी। छानबीन कर पुलिस ने जैसे-तैसे 3 लोगों के नाम जुटाए, परंतु वह नाम सही है या गलत इसकी अब तक पुष्टि नहीं हुई है। अभी भी 2 मरीज अज्ञात है।
एक महीने में 5 लावारिस हुए भर्ती
जिला चिकित्सालय में 5 अक्टूबर २२ को रानीबाई पति नाथूराम (35) निवासी धार को 108 एम्बुलेंस से लाया गया था तब से उपचार चल रहा है। उनके परिजनों का पता अब तक नहीं लगा। 15 अक्टूबर २२ को भादवामाता से लकवाग्रस्त एक अज्ञात पुरुष को लाया गया था। मल त्याग भी बिस्तर में ही करता है। अज्ञात होने से उसके परिजनों की तलाश में परेशानी आ रही है। 5 नवंबर २२ को जावद वार्ड नंबर 2 में रफीक बाबू खान को 108 एम्बुलेंस से लाया गया था। उसे मानसिक रोगी बताया गया है। इस कारण उससे पूरा वार्ड परेशान है। 5 नवंबर २२ को ही नीमच बस स्टैंड से लकवाग्रस्त अज्ञात मरीज लाया गया था। उसे भी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बुधवार को भी गोमाबाई चौराहे से 108 एंबुलेंस के माध्यम से एक मरीज कालूराम को भर्ती कराया गया। वो भी अपना नाम-पता नहीं बता पा रहा है।
परिजनों की तलाश में जुटी है पुलिस
जिला चिकित्सालय चौकी प्रभारी एएसआई सत्यनारायण ने बताया कि पिछले एक माह में अब तक ५ लावारिस मरीज भर्ती किए गए हैं। सभी का उपचार चल रहा है। इनमें से दो लकवाग्रस्त है। एक मानसिक रोगी और दो अन्य बीमारियों से पीडि़त हैं। पूछताछ करने पर लावारिस मरीज कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि वे लावारिस मरीजों के बारे में जानते हों तो जिला अस्पताल चौकी पर संपर्क करें।
Published on:
09 Nov 2022 08:16 pm
बड़ी खबरें
View Allनीमच
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
