
गणतंत्र दिवस परेड में गरजेंगे वायुसेना के 51 विमान
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड में इस बार दुश्मन को दहला देने वाले 29 लड़ाकू विमानों सहित भारतीय वायुसेना के 51 विमान कर्तव्य पथ पर गर्जना करेंगे। इनके अलावा पहली बार अग्निवीर वायुयोद्धा परेड का हिस्सा बनेंगी तो फ्लाईपास्ट के दौरान देश में ही बनाए जा रहे वायुसेना के परिवहन विमान सी-295 का जलवा भी दिखाई देगा।
वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर आशीष मोघे के अनुसार परेड के आखिर में होने वाले फ्लाइपास्ट में वायुसेना के 29 लड़ाकू विमान , 8 परिवहन विमान, 13 हेलिकॉप्टर व एक हैरिटेज विमान अलग अलग चौदह फॉर्मेशन में उड़ान भरकर ताकत दिखाएंगे। इनके साथ थलसेना के चार व नौसेना का भी एक विमान फ्लाइपास्ट में हिस्सा लेगा।
आगाज ध्वज व अंत विजय से
फ्लाई पास्ट का आगाज चार एमआई-17 हेलिकॉप्टर्स की ध्वज व हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड व तीन एएलएच हेलिकॉप्टरों की रुद्र फॉर्मेशन में उड़ान से होगी। इसके बाद लड़ाकू विमान मिग-29, सुखोई-30, तेजस, जगुआर व राफेल, मालवाहक सी-17 हर्क्यूलिस, सी-130, सी-295 व अवाक्स विमान व हेलिकॉप्टर अपाचे अलग अलग फार्मेशन में जलवा दिखाएंगे। राफेल की विजय फार्मेशन में गर्जना के साथ फ्लाईपास्ट पूरा होगा।
तेंगेल याद दिलाएगी ऐतिहासिक जीत
मोघे के अनुसार फ्लाईपास्ट में हैरिटेज विमान डेकोटा का साथ उड़ रहे दो डॉर्नियर विमानों की तेंगेल फार्मेशन 1971 में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक विजय की याद दिलाएगी। इस युद्ध में डैकोटा विमानों ने अहम भूमिका निभाई थी।
परेड की कमान नारीशक्ति के हाथ
परेड में 144 वायुयौद्धा स्क्वाड्रन लीडर रश्मि ठाकुर के साथ स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव, स्वक्वाड्रन लीडर प्रतिती आहलुवालिया व सुपर न्यूमरोरी अफसर फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहित के नेतृत्व में मार्चपास्ट करेगा। परेड में वायुसेना की 48 महिला अग्निवीर समेत तीनों सेनाओं का महिला अग्निवीर दस्ता भी शामिल होगा।
सक्षम, सशक्त व आत्मनिर्भर वायुसेना
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की 'समृद्ध भारत, सशक्त भारत' थीम के अनुरूप वायुसेना की झांकी में भी 'सक्षम, सशक्त व आत्मनिर्भर वायुसेना' नजर आएगी। झांकी का नेतृत्व सुखोई-30 की लड़ाकू पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट अनन्या शर्मा व फ्लाइंग ऑफिसर असमा शेख के हाथ में होगा।
Published on:
19 Jan 2024, 11:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.