8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात की सीट जीतकर आप ने चौंकाया, उपचुनाव ने विपक्ष को कराया फीलगुड

-गुजरात के गढ़ में दो में सिर्फ एक सीट जीत पाई सत्ताधारी भाजपा -पंजाब की लुधियाना सीट से सांसद संजीव अरोड़ा की जीत के बाद केजरीवाल या सिसोदिया जा सकते हैं राज्यसभा

2 min read
Google source verification

नवनीत मिश्र

नई दिल्ली। गुजरात, पंजाब सहित 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के नतीजों ने विपक्ष को फीलगुड कराया है। 5 महीने पूर्व दिल्ली विधानसभा चुनाव की सत्ता से बाहर हुई आम आदमी पार्टी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए न केवल पंजाब की सीट बचा ली, बल्कि भाजपा के गढ़ में उसे मात देते हुए 2 में से एक सीट जीतकर चौंका दिया। भाजपा के लिए संतोष की बात रही कि पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर दूसरे स्थान पर रही, जबकि कांग्रेस और अकाली दल तीसरे और चौथे नंबर पर खिसक गईं। बीते 19 जून को पंजाब की लुधियाना वेस्ट, पश्चिम बंगाल की कालिगंज,केरल की निलाम्बुर, गुजरात की विदासवर और कडी सीटों पर उपचुनाव करवाए गए थे।

गुजरात में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें कडी सीट पर सत्ताधारी भाजपा ने जीत हासिल की, वहीं दूसरी विसावदर सीट को आम आदमी पार्टी जीतने में सफल रही। आप आदमी पार्टी प्रत्याशी गोपाल इटालिया ने विसावदर सीट को 17581 मतों के भारी अंतर से जीतकर सबको चौंका दिया। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे गुजरात की जनता की जीत करार दी। केरल की नीलांबुर सीट से कांग्रेस के आर्यदान शौकत जीतने में सफल रहे, वहीं पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर टीएमसी ने जीत हासिल की।

कौन जाएगा राज्यसभा

आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट उपचुनाव में उतारा था। संजीव अरोड़ा विधायक बनने में सफल रहे। अब उन्हें राज्यसभा सीट खाली करनी होगी। चूंकि पार्टी के दो शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार चुके हैं। ऐसे में इन दोनों में से किसी एक नेता के राज्यसभा जाने की अटकलें हैं। हालांकि, केजरीवाल ने सोमवार को उपचुनाव जीतने की प्रक्रिया के बाद खुद के राज्यसभा जाने के सवाल को खारिज करते हुए कहा कि इसका निर्णय पार्टी करेगी।