
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर
पत्रिका ब्यूरो
नई दिल्ली।
गोवा में 20 से 28 नवंबर के बीच होने जा रहे 54 वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (आईएफएफआई) में 270 फिल्मों का प्रसारण होगा। इस दौरान सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार विश्व सिनेमा के सितारे माइकल डगलस को दिया जाएगा। इस बार बेस्ट वेब सीरीज (ओटीटी) अवॉर्ड की भी शुरुआत हुई है। ओटीटी अवॉर्ड विजेता को दस लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भारत में बनी फिल्में देश के कोने-कोने में छा गई हैं और अब दुनिया के दूर-दराज स्थानों तक पहुंच रही हैं। भारत के बाजार की विश्व रैंकिंग 5वें नंबर पर है, जो भारत की मीडिया और मनोरंजन उद्योग की शक्ति दर्शाती है। यह बाजार पिछले 3 वर्षों में 20 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि के साथ हर साल बढ़ रहा है।
फिल्मों की संख्या में 3 गुना वृद्धि
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि इफ्फी के अंतर्राष्ट्रीय वर्ग में प्राप्त फिल्मों की संख्या में 3 गुना वृद्धि देखी गई है और यह इफ्फी के लिए अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उद्योग के आकर्षण का संकेत है। नए शुरू किए गए ओटीटी पुरस्कारों के बारे में उन्होंने कहा कि कोविड 19 महामारी के बाद से ओटीटी इंडस्ट्री का भारत में आकार बढ़ा है। यह मंच हजारों लोगों को रोजगार दे रहा है। इस क्षेत्र के सालाना 28 प्रतिशत वृद्धि वाली गतिशीलता को देखते हुए मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफार्मों पर उत्कृष्ट कंटेंट क्रिएटर्स को मान देते हुए इस पुरस्कार की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि 15 ओटीटी प्लेटफार्मों से 10 भाषाओं में कुल 32 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं और विजेता को दस लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा।
नई पहल पर दिख रहा उत्साह
अनुराग ठाकुर ने बताया कि फिल्म क्षेत्र में स्टार्टअप इको-प्रणाली को बढ़ावा देने और देश के दूरदराज के इलाकों से प्रतिभाओं को पहचानने के लिए हमने क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो पहल की शुरूआत की थी। इस वर्ष के लिए इस खंड में 600 से अधिक प्रविष्टियां मिली हैं। इस वर्ष 75 विजेताओं के चयन से तीन वर्षों में ऐसे विजेताओं की कुल संख्या 225 हो जाएगी।
खास बातें
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इस साल हुई बेस्ट वेब सीरीज (ओटीटी) अवॉर्ड की शुरुआत
गोवा में फेस्टिवल के दौरान 270 से अधिक फिल्मों का होगा प्रसारण
54 वें इफ्फी के अंतरराष्ट्रीय वर्ग में 198 फिल्में होंगी। इस वर्ग में पिछले बार की तुलना में 18 फिल्में अधिक हैं।
भारतीय पैनोरमा खंड में भारत की 25 फीचर फिल्मों और 20 गैर फीचर फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।
Updated on:
06 Nov 2023 08:23 pm
Published on:
06 Nov 2023 08:21 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
