
अंजना ओम कश्यप और खान सर
Anjana Om Kashyap Khan Sir Defamation Case: दिल्ली हाईकोर्ट ने टीवी टुडे की वरिष्ठ पत्रकार अंजना ओम कश्यप और शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर के बीच चल रहे मानहानि विवाद को मध्यस्थता (मेडिएशन) के लिए भेज दिया है। जस्टिस तुषार राव गेडेला ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि विवाद का समाधान आपसी सहमति से निकाला जा सकता है। अदालत ने इस मामले को गुरुवार शाम 4 बजे मध्यस्थता के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि जो होना था हो चुका, अब दोनों पक्षों को विवाद बढ़ाने के बजाय समाधान की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि दोनों पक्ष बातचीत के जरिए इस विवाद का हल निकाल सकते हैं। कोर्ट ने माना कि अगर किसी अनुभवी मध्यस्थ की मदद ली जाए तो समझौते की संभावना बन सकती है। इसी को देखते हुए अदालत ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजशेखर राव को इस मामले का मध्यस्थ नियुक्त किया, ताकि दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद खत्म करने की कोशिश कर सकें।
आगे जस्टिस ने कहा कि हो सकता है कि कुछ बातें कहना उचित न रहा हो। किसी की आलोचना की जा सकती है लेकिन उसकी भी एक मर्यादा होनी चाहिए। मुझे लगता है कि यह प्रतिक्रिया आपकी कही बातों पर आई है लेकिन उन्हें ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। यदि उन हिस्सों को हटा दिया जाए तो बेहतर होगा।
सुनवाई के दौरान अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे नेटवर्क की ओर से अदालत में कहा गया कि शिक्षकों द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए कई पोस्ट उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। उनके वकील ने कोर्ट से इन पोस्ट पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की। साथ ही यह भी कहा गया कि खान सर ने उनके बच्चों के स्कूल का नाम सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। उन्होंने अदालत से बच्चों से जुड़ी सभी जानकारी तुरंत हटाने और इस तरह की टिप्पणियों पर रोक लगाने की मांग की।
खान सर की ओर से कोर्ट में कहा गया कि अंजना ओम कश्यप के बच्चों से जुड़ी जो भी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा हुई है, उसे हटा दिया जाएगा। उनके वकील ने यह भी कहा कि बच्चों को इस पूरे विवाद से दूर रखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अदालत से कहा कि सिर्फ उनकी तरफ से ही नहीं, बल्कि अंजना ओम कश्यप की ओर से भी ऐसी बातें नहीं कही जानी चाहिए, जिनसे विवाद और ज्यादा बढ़े।
यह विवाद नीट परीक्षा को लेकर हुई एक लाइव डिबेट के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि बहस के दौरान अंजना ओम कश्यप ने ऑनलाइन पढ़ाने वाले कुछ शिक्षकों पर तीखी टिप्पणी की, जिसके बाद खान सर समेत कई शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया। इसके बाद अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे नेटवर्क ने 2 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया और कुछ आपत्तिजनक शब्दों व पोस्ट को हटाने की मांग की। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई को होगी।
Published on:
02 Jul 2026 03:03 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
