
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा परिषद के चुनाव में आखिरकार भाजपा और जदयू के बीच सीटों को लेकर सहमति बन गई। विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तीसरी सीट जेडीयू को दे दी है। इस सीट के साथ ही जेडीयू के पास अब चार सीटें हो गई है। इन पर अब जेडीयू अपनी उम्मीदवार खड़ा करेगा।
शुरू है नामांकन प्रक्रिया
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद चुनाव में 11 सीटों के लिए 9 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 16 अप्रैल को नामांकन प्रक्रिया की आखिरी तारीख तय की गई है। चुनाव आयोग ने कहा है कि 11 से अधिक उम्मीदवारों के चुनाव में उतरने की सूरत में मतदान की नौबत आएगी तो 26 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। यहां आपको यह भी बतादें कि बिहार विधान परिषद के जिन 11 सीटों के लिए चुनाव होंगे, उसमें कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के सीटें शामिल हैं। इनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, नेता विरोधी दल राबड़ी देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जदयू प्रवक्ता संजय सिंह का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। इसके अलावा उपेंद्र प्रसाद, राजकिशोर सिंह कुशवाहा, चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, लालबाबू प्रसाद, सत्येंद्र नारायण सिंह का भी बिहार विधान परिदषद में कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इन सभी 11 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। वहीं, नरेंद्र सिंह की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त सीट के लिए भी चुनाव होंगे।
राजद ने पहले ही तय किए प्रत्याशियों के नाम
वहीं, विधान परिषद चुनाव के लिए राजद ने अपने हिस्से के चारों प्रत्याशियों के नाम पहले ही तय कर लिए हैं। इसमें कुछ दिनों पहले एनडीए छोड़ महागठबंधन में शामिल हुए जीतनराम मांझी के बेटे संतोष मांझी को जगह मिली है। बतादें कि बिहार विधान परिषद की जिन 11 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की गई है उनमें फिलहाल 10 सीटें एनडीए के पास है और एक सीट आरजेडी के पास है।
Published on:
12 Apr 2018, 4:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.