20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

₹100 की टिप ठुकराकर ब्लिंकइट राइडर ने कही ऐसी बात, MBA पास महिला भी रह गईं हैरान

Blinkit News बेंगलुरु की एक प्रोडक्ट मैनेजर का लिंक्डइन पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में उन्होंने ब्लिंकइट के एक डिलीवरी पार्टनर की ईमानदारी, प्रोफेशनलिज्म और काम के प्रति समर्पण का जिक्र किया है। डिलीवरी पार्टनर ने ₹100 की टिप लेने से इनकार करते हुए कहा कि उसके लिए अतिरिक्त पैसों से ज्यादा ग्राहकों की अच्छी रेटिंग मायने रखती है, क्योंकि उसी से उसका अप्रेज़ल तय होता है।
2 min read
Google source verification
Blinkit News

सांकेतिक तस्वीर (AI Generated)

Blinkit News बेंगलुरु की एक प्रोडक्ट मैनेजर ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने बताया कि कैसे ब्लिंकइट के एक डिलीवरी पार्टनर ने ₹100 की टिप लेने से इनकार कर दिया और कहा कि उसके लिए अतिरिक्त पैसों से कहीं ज़्यादा अहम अच्छी कस्टमर रेटिंग है। अपने लिंक्डइन पोस्ट में मानसी शर्मा ने लिखा कि ऐप में पुराना पता सेव होने की वजह से उनका ब्लिंकइट ऑर्डर गलती से गलत पते पर पहुंच गया। उन्होंने लिखा, "मैंने अपना ब्लिंकइट ऑर्डर गलत पते पर भेज दिया। डिलीवरी पार्टनर ने मुझे वह सिखाया, जो मेरे MBA ने नहीं सिखाया था। मैंने चेकआउट किया, अच्छा महसूस हुआ और ऐप बंद कर दिया।"

पुराने पते पर पहुंच गया ऑर्डर

मानसी ने बताया कि कुछ देर बाद डिलीवरी पार्टनर का फोन आया। उसने कहा कि दिए गए पते पर कोई गेट नहीं खोल रहा है। शुरुआत में उन्हें लगा कि वह उनके घर पहुंच चुका है, लेकिन जब उन्होंने ऐप खोला तो पता चला कि ऑर्डर करीब तीन किलोमीटर दूर एक पुराने पते पर भेज दिया गया है। उन्होंने लिखा, "मेरे पति के दोस्त का पता ऐप में सेव था और हमने कभी इस पर ध्यान ही नहीं दिया।"

रेटिंग ही मेरा अप्रेज़ल है

इसके बाद उन्होंने डिलीवरी पार्टनर से माफी मांगी और पूछा कि क्या वह ऑर्डर सही पते पर पहुंचा सकता है। डिलीवरी पार्टनर बिना किसी हिचकिचाहट के तैयार हो गया। उसने अतिरिक्त दूरी तय की और मुस्कुराते हुए ऑर्डर सही पते पर पहुंचा दिया। मानसी ने बताया कि इस असुविधा के लिए उन्होंने उसे ₹100 की अतिरिक्त टिप देने की कोशिश की, लेकिन उसने विनम्रता से मना कर दिया। डिलीवरी पार्टनर ने कहा, "दीदी, रहने दीजिए। पिछले महीने मेरी रेटिंग 4.2 थी। अगर मैं एक्स्ट्रा मेहनत करता हूं तो यह 4.8 तक पहुंच जाती है। यही मेरा अप्रेज़ल है।"