
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने जनता को 97 नई ई-बसें समर्पित की। इस अवसर पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत भी उपस्थित रहे।
दिल्ली सरकार की तरफ से राजधानी में नई ई-बसें उतारी जा रही है। बुधवार को नई ई-बसों के बेड़े को सीएम अरविंद केजरीवाल ने जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धीरे-धीरे हम प्रदूषण पैदा करने वाली बसों को हटाते जा रहे हैं और इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारते जा रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य में हमने दिल्ली में एक विश्वस्तरीय मॉडल दिया है। अब ट्रांसपोर्ट सेक्टर में दिल्ली को पूरी दुनिया का मॉडल बनाएंगे। हम दूसरे देशों के मॉडर्न ट्रांसपोर्ट सिस्टम को अपनाएंगे। साथ ही दिल्ली को सबसे बढ़िया ट्रांसपोर्ट मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेंगे। सीएम केजरीवाल ने कहा कि नवंबर 2023 तक 1500 और ई-बसें आ जाएंगी और बेड़े में 1800 ई-बसें होने के साथ ही दिल्ली, देश का इकलौता शहर हो जाएगा। जहां सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसें होंगी। 2025 के अंत तक परिवहन विभाग में कुल बसों की संख्या 10,380 हो जाएगी। जिसमें करीब 80 फीसद इलेक्ट्रिक बसें होंगी। इसके तहत ई-बसों को संख्या 8,180 होंगी।
बीएस-6 मानकों के अनुरूप हैं ई-बसें
दिल्ली सरकार के अनुसार सभी इलेक्ट्रिक एसी लो फ्लोर बसें विकलांगों के अनुकूल हैं। अन्य बसों की तरह इसमें भी महिलाओं को मुफ्त टिकट व पास की सुविधा मिलेगी। सभी सीएनजी व इलेक्ट्रिक बसें जीरो स्मोक, जीरो नॉइज और पूरी तरह से बीएस-6 के मानकों को पूरा करती हैं। सभी बसें जीपीएस युक्त हैं। बसों में डिजिटल टिकटिंग व संपर्क रहित टिकटिंग की सुविधा है। सुरक्षा के मद्देनजर बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, हूटर सभी टू-वे सेंट्रलाइज्ड कमांड और कंट्रोल सेंटर से जुड़ी हुई हैं।
एक इलेक्ट्रिक बस करीब 42 मिनट में होगी चार्ज
सीएम केजरीवाल ने आज राजघाट बस डिपो-2 से 97 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक एसी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के डीटीसी के बेड़े में शामिल होने से दिल्ली सरकार द्वारा प्रदूषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूती मिलेगी। बसों को हरी झंडी दिखाने के उपरांत परिवहन मंत्री के साथ सीएम अरविंद केजरीवाल ने बस डिपो में स्थापित चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने मुख्यमंत्री को चार्जिंग स्टेशन के बारे में बताया। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बस में नोजल लगाकर देखा कि कैसे चार्ज होता है। वहीं, विशेषज्ञों ने बताया कि एक बस की बैटरी अगर जीरो फीसद है और उसे 100 फीसद तक चार्ज करना है तो लगभग 42 मिनट का समय लगता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़कों पर उतर रहीं बसों का निरीक्षण भी किया और एक बस में जाकर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। यह सभी बसें एयरकंडीशंड हैं। इनका किराया भी काफी कम है।
1500 और इलेक्ट्रिक बसों का दिया जा रहा है ऑर्डर
सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज सभी दिल्लीवासियों के लिए बहुत ही खुशी का दिन है। अभी दिल्ली की सड़कों पर 153 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। पिछले कुछ महीनों में समय- समय पर जब बसें आई, हमने उन बसों को सड़कों पर उतारा। आज 97 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें और दिल्ली की सड़कों पर उतर रही हैं। इन सभी बसों को मिलाकर अब दिल्ली की सड़कों पर लगभग 250 बसें चलेंगी। इसके अलावा, सितंबर के महीने में 50 और बसें आ रही हैं। इस प्रकार, 30 सितंबर तक 300 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर होंगी। यह बहुत खुशी की बात है कि धीरे-धीरे हम प्रदूषण पैदा करने वाली बसों को हटाते जा रहे हैं और मॉडर्न इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारते जा रहे हैं। इसके साथ ही, 1500 और इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर दिया जा रहा है और यह बसें अगले साल के अंत तक आ जाएंगी। हमें उम्मीद है कि नवंबर 2023 के अंत तक दिल्ली में कुल 1800 इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी। इसके बाद बहुत तेजी से इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर लाया जाएगा।
2025 के अंत तक 6380 और इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगी
सीएम केजरीवाल ने कहा कि 2025 के अंत तक 6380 और इलेक्ट्रिक बसें लाएंगे। 2025 के अंत तक कुल बसों की संख्या 10380 हो जाएंगी, जिसमें से 8180 बसें इलेक्ट्रि होंगी। इस तरह 2025 के अंत तक करीब 80 फीसद इलेक्ट्रिक बसें होंगी। अगले साल नवंबर के अंत तक जो 1800 इलेक्ट्रिक बसें आएंगी, उसके बाद दिल्ली देश में ऐसा शहर हो जाएगा, जहां सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसें होंगी। मैं समझता हूं कि 2025 तक जब लगभग 8 हजार इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर होंगी, तो यह एक बहुत बड़ा कीर्तिमान होगा। आज दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर को मिलाकर 7373 बसें चल रही हैं। अभी तक के दिल्ली के इतिहास में परिवहन विभाग के बेड़े में यह सबसे ज्यादा बसें हैं। अभी तक दिल्ली में इतनी बसें कभी नहीं थीं।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को अत्यधिक विश्वनीय व प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए किया जा रहा है कार्य
इस अवसर पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन ने आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आज 97 और इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने के साथ दिल्ली में अब 250 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं, जो सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में शामिल कुल बसों का 3.4 फीसद हिस्सेदारी हैं। 2025 तक 7930 और इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा, जिसके बाद सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की हिस्सेदारी करीब 80 फीसद हो जाएगी। हम दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को सभी नागरिकों के लिए अत्यधिक विश्वसनीय और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सितंबर तक डीटीसी के बेड़े में 300 होगी इलेक्ट्रिक बसों की संख्या
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में आज 97 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें और शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज राजघाट बस डिपो से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीटीसी पहले से ही अपने बेड़े के तहत 153 लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कर रहा है। आज इन 97 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल होने के बाद डीटीसी के पास अब 250 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं। इसके अलावा, सितंबर 2022 तक 50 और लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा, जिसके बाद इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 300 हो जाएगी।
Published on:
24 Aug 2022 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
