
दिल्ली में 6 जगहों पर बम की धमकी
Delhi High Court bomb threat: 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले राजधानी दिल्ली को दहलाने की बड़ी साजिश का मामला सामने आया है। दिल्ली हाई कोर्ट, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक भवनों समेत कुल 6 प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। इस सनसनीखेज सूचना के बाद दिल्ली पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
फायर कंट्रोल रूम को मिली सूचना के मुताबिक, गुरुवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में एक के बाद एक बम होने की धमकियां मिलीं। सबसे पहले दिल्ली हाई कोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद सुबह 11:18 बजे दिल्ली कैंट SDM ऑफिस, 11:32 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3, 11:40 बजे जामनगर हाउस, 11:42 बजे साकेत SDM ऑफिस और 11:57 बजे झंडेवालान बिल्डिंग में बम की सूचना मिली। धमकियों की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें सभी स्थानों पर पहुंचीं। सुरक्षा टीमों ने इलाकों की घेराबंदी कर सघन तलाशी और जांच अभियान शुरू कर दिया।
बता दें कि धमकी मिलने के बाद से दिल्ली हाईकोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रजिस्ट्रार जनरल लगातार दिल्ली पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के जॉइंट सेक्रेटरी और एडवोकेट कुणाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह बम की धमकी पहली नज़र में फर्जी लग रही है। फिलहाल हाईकोर्ट परिसर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। स्निफर डॉग्स और बम स्क्वॉड की टीमें हर कोने की बारीकी से जांच कर रही हैं। किसी भी नागरिक या वकील को घबराने की जरूरत नहीं है, सुरक्षा पूरी तरह पुख्ता है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही हाई अलर्ट जारी था। इस ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सभी चिन्हित जगहों पर कॉम्बिंग ऑपरेशन और कड़ा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, अब तक चलाए गए गहन तलाशी अभियान में किसी भी जगह से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। साइबर सेल की टीम ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) का पता लगाने में जुटी है ताकि यह साफ हो सके कि यह फर्जी कॉल/मेल कहां से भेजा गया था।
Updated on:
14 Aug 2026 02:04 pm
Published on:
14 Aug 2026 02:04 pm
