नई दिल्ली

CM Rekha Gupta: राजधानी में क्या बदलने जा रहीं सीएम रेखा गुप्ता? बोलीं-वो दिन दूर नहीं, जब दिल्ली में….

CM Rekha Gupta: दिल्ली की भाजपा सरकार ने मिशन मोड के तहत दिल्ली को संवारने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत यमुना नदी की सफाई के बाद गंगा की तरह भव्य आरती की जाएगी।

3 min read

CM Rekha Gupta: दिल्ली में 27 साल वनवास काटने के बाद सत्ता में लौटी भाजपा सरकार मिशन मोड में है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसका दावा करते हुए कहा "हमारी सरकार यमुना जी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है। वह दिन दूर नहीं जब दिल्ली में गंगा जी की तर्ज पर दिव्य और भव्य यमुना आरती का आयोजन होगा। जहां हजारों लोग हमारी महान सनातन संस्कृति से न केवल जुड़ेंगे, बल्कि उसे आत्मसात भी कर सकेंगे। मां यमुना के आशीर्वाद से डबल इंजन की सरकार दिल्ली को विकास और अध्यात्म की राजधानी बनाने के लिए कटिबद्ध है।"

यमुना में क्रूज से लेकर पर्यटन बढ़ाने तक तैयारी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यमुना नदी में जल्द ही क्रूज सेवा शुरू की जाएगी। इससे न सिर्फ दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। बल्कि दिल्ली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिलेगा। यमुना नदी में क्रूज सेवा दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुर शनि मंदिर यानी लगभग छह किलोमीटर तक शुरू की जाएगी। हाल ही में इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए दिल्ली और केंद्र सरकार के बीच एक समझौता हुआ है।

यह समझौता भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली विकास प्राधिकरण के बीच किया गया है। इस दौरान केंद्रीय बंदरगाह जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा "इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे दिल्ली के विकास को एक नई गति मिलेगी। यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्लीवासियों को एक अलग ही अनुभव मिलेगा। अब दिल्लीवासियों के साथ पर्यटक भी ऐतिहासिक यमुना नदी में क्रूज पर बैठकर सैर कर सकेंगे। इसके साथ ही शहर की खूबसूरती को एक नए नजरिए से देख सकेंगे। यह परियोजना दिल्ली को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।"

8 साल पहले यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग 110 घोषित किया गया

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय बंदरगाह जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा "दिल्ली में यमुना नदी को पर्यटन स्‍थल के रूप में विकसित करने के लिए यह एक बड़ा कदम है। साल 2016 में यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग 110 घोषित किया गया था। अब यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू करने के साथ ही इसके तटों को बेहतर बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर यमुना नदी की गहराई बढ़ाने के लिए भी हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।" वहीं दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा "यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्ली के स्‍थानीय निवासियों के साथ पर्यटक यमुना के किनारे घूमने का आनंद उठा सकेंगे। इससे रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। इसका सबसे ज्यादा लाभ स्‍थानीय व्यापारियों, लघु उद्योगों और टूर गाइड्स को मिलेगा।"

शहर की खूबसूरती को लगेंगे चार चांद

इस दौरान दिल्ली के पीडब्‍ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा "मोदी सरकार की यह गारंटी है कि दिल्ली को सिर्फ नई योजनाओं के वादे नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत पर उतरे हुए विकास के नए आयाम मिले।" उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा "यमुना को अब एक नदी से ज्यादा, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन स्थल के रूप में देखा जाएगा। आने वाले समय में इस परियोजना को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड में भी विकसित किया जाएगा। जिससे यह योजना और भी भव्य रूप ले सके।"

Also Read
View All

अगली खबर