Delhi Election 2025: दिल्ली में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच 'वोट' पर सियासी पारा चढ़ गया है। पहले भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर फर्जी वोट बनवाने का आरोप लगाया था। अब आप नेता संजय सिंह ने भाजपा पर वोट कटवाने का आरोप लगाया है।
Delhi Election 2025: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले एक बार भाजपा और आम आदमी पार्टी 'वोट' राजनीति पर आमने-सामने है। कुछ दिन पहले भाजपा नेताओं ने गलियों में घूमकर आम आदमी पार्टी पर फर्जी वोट बनाने का आरोप लगाया था। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कुछ उदाहरण भी दिए थे। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। अब आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर लोगों के जबरन वोट काटने का आरोप लगाया है।
दिल्ली में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की एप्लीकेशन दी गई। इसमें भारतीय जनता पार्टी का बहुत बड़ा हाथ है। इसमें बहुत लोग ऐसे हैं। जिन्होंने वोट कटवाने के लिए आवेदन किया ही नहीं है। जिला निर्वाचन अधिकारी नाम बताने को तैयार नहीं है। एक-एक आदमी ने डेढ़-डेढ़ सौ लोगों के नाम दिए हैं वोट काटने के लिए। जो वहां रह रहे हैं। उनके वोटर आईडी हैं। इसके बावजूद उनके नाम काटने के लिए एप्लीकेशन दी गई है। नई दिल्ली के डीएम जानबूझकर वोट काटना चाहते हैं। अब हम चुनाव आयोग से मिलेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने दिल्ली में वोट कटवाने की सारी डिटेल रखेंगे।
दरअसल, शुक्रवार को आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। आम आदमी पार्टी के अनुसार यहां उन्होंने उन मतदाताओं से मुलाकात की। जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इस दौरान संजय सिंह ने कहा "भारतीय जनता पार्टी अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र में जानबूझकर वोट कटवा रही है। ताकि लोगों को सुविधाएं न मिल पाए। साथ ही पता भी कटवा रहे हैं। इस मामले की जांच होनी चाहिए।"
संजय सिंह से पहले आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भी भाजपा पर पूर्वांचलियों के नाम वोटर लिस्ट से कटवाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था "शाहदरा में रंगे हाथों पकड़े गए भाजपा नेता विशाल भारद्वाज ने अवैध रूप से मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए 11,018 आवेदन दाखिल किए। इसी तरह नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए 5500 और नए नाम जुड़वाने के लिए 7500 आवेदन दाखिल किए गए। भाजपा पूर्वांचलियों से भेदभाव करती है। भाजपा जान बूझकर उनके वोट कटवा रही है।"
इससे पहले गुरुवार को भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर गरीबों के वोट कटवाने का आरोप लगाया था। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "आप गरीबों के वोट तो कटवा ही रही है। साथ ही कई गणमान्यों के भी वोट कटवाए जा रहे हैं। नौसेना के वाइस एडमिरल संजय भल्ला, लोकसभा के जनरल सेक्रेटरी उत्पल कुमार सिंह और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बेटे सुलेमान अंसारी के वोट कटवाने की कोशिश की जानकारी मिली है। आप के राज्यसभा सांसद ने अपना ही वोट कटवाने के लिए तीन-तीन बार आवेदन किया है। ताकि इस आरोप को भाजपा पर लगाया जा सके।"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा "दिल्ली में चुनाव अधिकारियों और पुलिस के सामने हैरान करने वाला मामला भी सामने आया। इसमें एक झुग्गी-बस्ती निवासी तरुण चौटाला के नाम पर 108 लोगों के वोट काटने के लिए आवेदन जमा किया गया है। भाजपा फर्जी मतदाताओं को हटाने के लिए अभियान चला रही है। इससे आम आदमी पार्टी के नेता बौखला उठे हैं।"