
दिल्ली मर्डर केस में बड़ा खुलासा (Photo: X/ANI)
दिल्ली के अमर कॉलोनी में इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी राहुल मीणा (23) ने कबूल किया है कि वारदात की मुख्य वजह लूट थी, जो बाद में एक जघन्य हत्या और दुष्कर्म में तब्दील हो गई। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट पीड़िता यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया और उसके बाद मोबाइल फोन चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या की गई। पीड़िता का शव अर्ध-नग्न अवस्था में मिला और उसके कपड़े फटे हुए थे। बताया जा रहा है कि पीड़िता के कमरे तक पहुंचने के लिए कम से कम चार-स्तरीय सुरक्षा को पार करना पड़ता था, जिनमें से तीन के लिए पासकोड की जरुरत थी। आरोपी ने किसी तरह से गुप्त कोड्स का पता लगाया और आसानी से उसके कमरे तक पहुंच गया।
वारदात के कुछ घंटों बाद ही दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके के एक होटल में छापा मारकर राहुल मीणा को पकड़ा था, जहां वह छिपा हुआ था। पुलिस की पूछताछ में राहुल मीणा ने बताया कि वह ऑनलाइन जुए (Online Gambling) में बुरी तरह हार चुका था और उस पर करीब 7 लाख रुपये का कर्ज था।
जांच में पता चला है कि आईआरएस अधिकारी के घर का लॉकर केवल तीन लोगों के फिंगरप्रिंट से ही खुल सकता था, एक खुद अधिकारी, उनकी पत्नी और उनकी बेटी। बुधवार सुबह आरोपी ने युवती से लॉकर खोलने के लिए कहा, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी ने जबरदस्ती लॉकर खुलवाने की कोशिश की तो युवती ने विरोध किया। इसी दौरान उसने पास में रखी भारी सजावटी वस्तु उठाकर युवती के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई।
23 वर्षीय राहुल मीणा राजस्थान के अलवर का रहें वाला था। वह ऑनलाइन जुए का आदी था और उस पर करीब 7 लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज के बोझ से वह बुरी तरह दबाव में था। पैसे जुटाने के लिए उसने अपना मोबाइल गिरवी रखकर 10 हजार रुपये लिए, लेकिन वह रकम भी जुए में हार गया। इसके बाद उसने आईआरएस अधिकारी के घर को निशाना बनाने की साजिश रची।
जांच अधिकारियों के अनुसार, 23 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा पीड़ित परिवार का 8 महीने तक घरेलू सहायक था। उसे करीब छह सप्ताह पहले पैसों की हेराफेरी करने के कारण काम से निकाल दिया गया था। कई महीनों तक काम करने की वजह से वह पीड़िता के घर के कोने-कोने से अच्छी तरह वाकिफ था। उसे घर की चाबियों के स्थान, कब कौन कहां आता-जाता है, इसकी भी जानकारी थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। पूछताछ में उसके व्यवहार से वह ‘यौन विकृत मानसिकता’ वाला प्रतीत हुआ। आरोप है कि युवती के बेसुध होकर गिरने के बाद उसने उसका यौन शोषण किया। फिर घर में रखी कीमती चीजें चुराई। उसने एक स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़ा और नकदी लेकर फरार हो गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब 2.5 लाख रुपये लेकर भागा।
वारदात के बाद आरोपी ऑटो से पालम रेलवे स्टेशन पहुंचा था, जहां से वह शहर छोड़ने की फिराक में था। लेकिन ट्रेन छूटने के बाद उसने पास के एक होटल में कमरा ले लिया। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर उसे ट्रैक किया और होटल में छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है। इस बीच एक सनसनीखेज खुलासा और हुआ है। जांच में पता चला है कि राहुल मीणा का आपराधिक इतिहास रहा है। दिल्ली की इस घटना से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को, उसने राजस्थान के अलवर में अपनी एक पड़ोसन के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था और वहां से भागकर दिल्ली पहुंचा था।
Updated on:
23 Apr 2026 02:16 pm
Published on:
23 Apr 2026 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
