
फोटो पत्रिका
Rain in Delhi NCR: दिल्ली-NCR में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मंगलवार और बुधवार को राजधानी समेत आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
इस बीच मंगलवार सुबह-सुबह से दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। नोएडा में हल्की बूंदाबांदी से ऑफिस जाने वाले लोग भीगते दिखे तो वहीं फरीदाबाद में भी बूंदाबांदी के बीच बच्चे स्कूल जाते नजर आए।
अगले दो दिन दिल्ली-NCR में बादलों का डेरा रहेगा साथ ही 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और बारिश भी कईं इलाकों में देखने को मिलेगी। इस मौसमी बदलाव के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए दोनों ही दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
तापमान के मोर्चे पर बात करें तो दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम पारा सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे गिरकर 33.3°C दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी गई और यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम यानी 17.7°C रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा वातावरण में नमी के स्तर में भी भारी उतार-चढ़ाव दिखा। जहां उमस का स्तर 27 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव ने सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक का अहसास बनाए रखा।
प्रदूषण के मोर्चे पर दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर यह है कि राजधानी की हवा फिलहाल साफ बनी हुई है। सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक AQI 135 दर्ज किया गया। जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो हवा की सेहत में स्थिरता देखी जा रही है। रविवार को यह 134 और शनिवार को 137 के स्तर पर था। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में चलने वाली तेज हवाओं और संभावित बारिश के कारण प्रदूषण के स्तर में किसी बड़े उछाल की आशंका नहीं है। जिससे हवा की गुणवत्ता लंबे समय तक इसी तरह 'मध्यम' बनी रह सकती है।
Published on:
07 Apr 2026 11:50 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
