
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर लिखा पत्र।
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लिखे पत्र में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने लिखा कि दिल्ली में लगातार बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था की ओर आपका ध्यान दिलाना चाहता हूं। दिल्ली के बलजीत नगर में दो दिन पहले नितेश नाम के युवक की गुंडों ने दिन दहाड़े पीट-पीट कर हत्या कर दी, यह आपके संज्ञान में आया होगा। हत्या के बाद गुंडे फरार हैं और पुलिस परिवार को सिर्फ उचित कार्रवाई की तसल्ली दे रही है। इस समय उसके परिवार पर क्या बीत रही होगी। यह सोचकर दिल दहल जाता है। दिल्ली में अक्टूबर महीने में जिस तरह से एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं। वह दिल दहलाने वाली है। पिछले हफ्ते ही सुंदर नगरी में एक 25 वर्षीय युवक मनीष की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके पहले भी दशहरा के दिन मेला देखकर लौट रहे 17 साल के शिवम की जहांगीरपुरी में चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। मीडिया में मैंने पढ़ा कि हत्यारे इलाके में अपना दबदबा बनाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने इस मासूम को मार डाला। इसके एक सप्ताह पहले ही दिल्ली के एक केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसी हफ्ते में भलस्वा डेयरी इलाके में सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर फोलोअर बढ़ाने के लिए अपराधियों ने डबल मर्डल किया।
अपराधियों में कानून व्यवस्था का नहीं है कोई खौफ
डिप्टी सीएम ने पत्र में एलजी को लिखा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली अपराध की राजधानी बन गई है। अपराधियों में कानून व्यवस्था का कोई खौफ ही नहीं है। दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाकर रखने की जिम्मेदारी संविधान ने आपको दी है। दिल्ली पुलिस सीधे आपको रिपोर्ट करती है। मेरा आपसे निवेदन है कि थोड़ा ध्यान इस और भी दें। थोड़ा समय अगर आप दिल्ली पुलिस के कामकाज पर नजर रखने और दिल्ली में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था को ठीक करने में लगाएं तो इससे दिल्ली के आम नागरिकों का भी थोड़ा भला होगा।
बलजीत नगर घटना दो गुटों के बीच के झगड़े का है मामला - पुलिस
दिल्ली के बलजीत नगर में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार दो गुटों के बीच हुए झगड़े में नीतीश नाम के शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद गुस्साए लोगों व परिजनों ने नितेश के शव के साथ बलजीत नगर इलाके में सड़क पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नितेश के परिजनों ने कहा है कि वह बजरंग दल और और संघ से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि इस घटना में तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हत्या का आरोप उफीजा, अदनान और अब्बास पर है। आरोपी फरार हैं लेकिन जल्द ही पुलिस आरोपियों को पकड़ लेगी। इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। लड़ाई दो गुटों में हुई। एक तरफ नितेश, आलोक और मोंटी थे। जबकि दूसरी तरफ उफीजा, अदनान और अब्बास थे। झगड़े की जानकारी सीसीटीवी फुटेज से पता चली है कि विवाद की शुरुआत नितेश और आलोक ने की थी। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। लड़ाई में नितेश और आलोक घायल हो गए थे। बाद में नितेश की मौत हो गई। स्थानीय डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि मृतक नीतीश पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
12 अक्टूबर की रात की है घटना
पुलिस के अनुसार यह मामला बुधवार 12 अक्टूबर की रात का है। नितेश ने अपने दो दोस्तों आलोक और मोंटी के साथ बाइक पर जा रहे एक शख्स को अचानक रोक लिया और फिर उसको पीटने लगे। इसी बीच दूसरे समूह के लड़के भी वहां आ गए और मारपीट शुरू हो गई। दूसरे गुट ने नितेश और उसके दोस्तों को बेरहमी से पीटा। लड़ाई के दौरान नीतीश और आलोक घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां नितेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही है। वहीं, मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स समेत भारी फोर्स तैनात की गई है।
Published on:
16 Oct 2022 10:09 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
