
प्रतीकात्मक तस्वीर।
Crime: दिल्ली से सटे फरीदाबाद में साइबर थाना पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए नौकरी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से पूछताछ में पता चला कि वह सिर्फ ठगी ही नहीं, बल्कि स्मार्ट लड़कियों को अपनी हवस का शिकार भी बनाते थे। पूर्व में गिरफ्तार किए तीन आरोपियों में से एक के मोबाइल फोन में मिली तीन अश्लील वीडियो से इसका खुलासा हुआ है। हालांकि लड़कियों के साथ यौन संबंध बनाने का मामला दूसरे शहरों का है, इसलिए पुलिस ने एफआईआर में ये धाराएं नहीं जोड़ी हैं, लेकिन जिन शहरों में आरोपी ने लड़कियों का यौन शोषण किया है, वहां की पुलिस को ये जानकारी साझा की गई है। अब आरोपियों पर उन शहरों में भी मुकदमा दर्ज हो सकता है।
राष्ट्रीय राजधानीसे सटे फरीदाबाद में फर्जी नौकरी का विज्ञापन देकर लोगों से ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई फरीदाबाद के साइबर क्राइम सेंट्रल थाना पुलिस ने की थी। इसके बाद आरोपियों से पूछताछ के दौरान एक चौंकाने वाले मामला का और खुलासा हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी सिर्फ फर्जी नौकरी का विज्ञापन निकालकर इंटरव्यू के बाद लोगों को ठगी का शिकार ही नहीं बना रहे थे, बल्कि इंटरव्यू देने आई स्मार्ट लड़कियों को बेहतर पैकेज और पोजीशन देने का लालच देकर उनसे शारीरिक संबंध भी बनाते थे।
इस दौरान उनका अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड किया जाता था। यह खुलासा पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक के फोन में मिले अश्लील वीडियो के बारे में पूछताछ करने पर हुआ है। इसके बाद से पुलिस आरोपियों के कृत्यों पर हैरान है। इसमें सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि उन लड़कियों को जॉब भी नहीं मिलती थी और इज्जत भी चली जाती थी। इसके बावजूद उन्होंने आरोपियों के बारे में पुलिस को शिकायत नहीं सौंपी। अब फरीदाबाद पुलिस जिन शहरों में लड़कियों का यौन शोषण हुआ है, वहां की पुलिस से संपर्क कर आरोपियों के खिलाफ सबूत सौंपने की तैयारी में है।
फरीदाबाद पुलिस सूत्रों का कहना है मोबाइल में मिले अश्लील वीडियो के बारे में पूछताछ करने पर आरोपियों ने जो खुलासा किया, उससे पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपियों ने बताया कि वह एक वेबसाइट पर अपनी फर्म में नौकरी का विज्ञापन देते थे। यह फर्म भी फर्जी है। इसके बाद वह पुणे, दिल्ली और मुंबई में होटल बुक करते और होटल रूम में ही आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेते थे। इस दौरान वह लड़कियों को अच्छे पैकेज और अपनी सेक्रेटरी बनाने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद आरोपी उनसे होटल में ही शारीरिक संबंध बनाते और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड करते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में ये भी बताया कि लड़कियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के बाद वह फर्जी फर्म में बतौर सेक्रेटरी और अच्छे पैकेज का फर्जी ऑफर लेटर देते थे। जब लड़कियां ऑफर लेटर लेकर फर्म में पहुंचती तो उन्हें फर्जीवाड़े का पता चलता था, जब तक वह होटल में लौटकर आती, आरोपी वहां से फरार हो जाते थे। वह सिर्फ लड़कियों से शारीरिक संबंध ही नहीं बनाते थे, इंटरव्यू के लिए आए अभ्यर्थियों से विभिन्न मदों का झांसा देकर 30-50 हजार रुपये भी जमा करवा लेते थे। आरोपियों की पूरी प्लानिंग जानकर पुलिस भी हैरान है।
साइबर अपराध थाना सेंट्रल के एसएचओ विमल कुमार ने बताया कि आरोपियों में से एक ने तीन युवतियों को सेक्रेटरी बनाने का लालच देकर उनका शोषण करने की बात स्वीकार की है। जिन शहरों में यह घटनाएं हुई हैं, वहां की पुलिस को विस्तृत जानकारी भेजी जाएगी। ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। एसएचओ ने बताया कि पुलिस जब आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही थी, तब उसमें दो से तीन युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए। इन्हीं वीडियो के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद आरोपी ने सच्चाई कबूल की। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के शिकार और कितनी युवतियां हो सकती हैं।
इस मामले में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने 12 नवंबर को फरीदाबाद की एक युवती को एयरलाइंस कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 43,800 रुपये की ठगी की थी। उन्होंने युवती का इंटरव्यू लेकर उसे अपॉइंटमेंट लेटर भी दिया था, जो बाद में फर्जी निकला। पुलिस ने तीन दिन पहले फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी चलाकर नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से धोखाधड़ी करने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश किया था। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दयाल नगर फरीदाबाद निवासी विशाल, दिल्ली के बलजीत नगर निवासी हर्ष कुमार और दिल्ली के उत्तम नगर निवासी योगेश कुमार के रूप में हुई है।
Published on:
19 Jan 2026 11:35 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
