
दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई (Photo: IANS)
दिल्ली-एनसीआर के मशहूर पिकनिक स्पॉट लेपर्ड ट्रेल (Leopard Trail) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक फूड वेंडर ने 23 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया और पुलिस को घंटों शहरभर में छकाया। हालांकि, गाड़ी के कीचड़ में फंसने के कारण युवती को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया।
घटना शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। पीड़िता अपने एक सहकर्मी के साथ अरावली की पहाड़ियों में स्थित लेपर्ड ट्रेल घूमने गई थी। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपी गौरव भाटी (25) आ गया और उसने दोनों के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। जब युवती और उसके दोस्त ने गौरव की हरकतों का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोपी ने युवती का फोन छीन लिया और अपनी स्कॉर्पियो की ओर भागने लगा। युवती अपना फोन लेने के लिए उसके पीछे गई, तो आरोपी ने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया और दरवाजा लॉक कर फरार हो गया।
युवती के दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। सहकर्मी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आई और स्कॉर्पियो की तलाश शुरू की।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें एक्टिव हो गईं। युवती के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा करना शुरू किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए सदर्न पेरिफेरल रोड, सुभाष चौक और सेक्टर 74 में गाड़ी दौड़ाता रहा। अंत में वह युवती को एक सुनसान पहाड़ी इलाके में ले गया।
लेकिन पांडला गांव के पास उबड़-खाबड़ रास्तों पर स्कॉर्पियो का टायर कीचड़ में फंस गया। जब युवती ने शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी गौरव भाटी गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो के मालिक का पता लगाया, जिसने बताया कि खाने-पीने का सामान बेचने वाले गौरव भाटी ने शराब खरीदने के बहाने उससे गाड़ी मांगकर ले गया था। इस आधार पर पुलिस की तीन टीमों ने छापेमारी कर कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, जब पुलिस गौरव भाटी को क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए वारदात स्थल पर ले गई, तो उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान वह फिसल कर गिर गया, जिससे उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर और चेहरे पर चोटें आईं।
मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि वारदात के वक्त आरोपी नशे में था। पुलिस अब पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मामले में यौन उत्पीड़न की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अपहरण, झपटमारी और कस्टडी से भागने की कोशिश और सरकारी काम में बाधा डालने संबंधित बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
Published on:
27 Jan 2026 07:56 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
