
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार के तीन अस्पतालों का निरीक्षण किया।
दिल्ली सरकार के तीन अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मरीजों को डायरेक्ट बड़े अस्पतालों में रेफर करने के बजाय अस्पताल प्रशासन अपने स्तर पर भी छोटे अस्पतालों में अच्छे इलाज की सुविधा मुहैया कराने की कोशिश करें। दिल्ली के छोटे अस्पताल भी प्राइवेट लैब में मरीजों को एमआरआई, सीटी स्कैन, रेडियो न्यूक्लियोटाइड स्कैन सहित अन्य टेस्ट के लिए भेज सकते हैं। दिल्ली आरोग्य कोष (डाक) के तहत ये सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। सीएम अरविंद केजरीवाल का आदेश है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज व मेडिकल टेस्ट के लिए दर-दर न भटकना पड़े। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिको-लीगल मामलों में कानूनी प्रक्रिया तुरंत पूरा होते ही मरीजों को तत्परता से राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को अव्यवस्थाओं को दूर कर मरीजों को किफायती व गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने और साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए भी स्वास्थ्य मंत्री ने कहा। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अनुपस्थित डॉक्टरों की लापरवाही के खिलाफ होगी उचित कार्रवाई
दिल्ली सरकार के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री दिल्ली सरकार के तीन अस्पतालों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और अस्पतालों की व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा। इस दौरान अस्पतालों में कई वरिष्ठ डॉक्टर्स नदारद मिले, इस पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अनुपस्थित डॉक्टरों की लापरवाही के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अस्पतालों में कई बैड पर बैडशीट नहीं बदली गई थी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गंदी बेडशीट पर लेटने से मरीजों में संक्रमण की संभावना बनी रहना लाजिमी हैं। अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि मरीजों की बेडशीट को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए।
मरीजों को मिले मुफ्त इलाज व फ्री मेडिकल टेस्ट की सुविधा : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में एक्स-रे मशीन व अन्य उपकरणों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मॉनिटर मशीन फंक्शनल न होने पर उसे तुंरत ठीक करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में शाम को आने वाले मरीजों को अगर अल्ट्रासाउंड, सीटी-स्कैन सहित अन्य मेडिकल टेस्ट की जरूरत होती है, तो मरीजों को सीधे बड़े अस्पतालों में रेफर करने के बजाय अस्पताल प्रशासन इसे अपने स्तर पर भी छोटे अस्पतालों में इलाज की सुविधा मुहैया कराएं। ये मेडिकल टेस्ट आसपास के छोटे अस्पताल या प्राइवेट लैब में रेफर किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीज इस निःशुल्क सुविधा का फायदा उठा सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नहीं की जाएगी लापरवाही बर्दाश्त : स्वास्थ्य मंत्री
वहीं, निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों की सेवा भगवान की सेवा है। मरीजों के साथ मधुरता से व्यवहार किया जाए तो आधा रोग तो वैसे ही दूर हो जाता है, उनके साथ सेवाभाव से व्यवहार किया जाना आवश्यक है। केजरीवाल सरकार के लिए स्वास्थ्य प्राथमिकता का क्षेत्र है। इसलिए लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाले आहार में क्वालिटी से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को पूरे देश में सबसे बेहतरीन अस्पतालों में से एक बनाना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देशों का पालन करते हुए दिल्ली के अस्पतालों में ट्रीटमेंट फैसिलिटी को और सुगम बनाया जा रहा है। साथ ही मौजूदा अस्पतालों में जरूरी बदलाव करके उन्हें वातानुकूलित बनाया जा रहा है।
Published on:
15 Mar 2023 10:45 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
